ओम नीरव

awanish लेबलों वाले संदेश दिखाए जा रहे हैं. सभी संदेश दिखाएं
awanish लेबलों वाले संदेश दिखाए जा रहे हैं. सभी संदेश दिखाएं

शनिवार, 21 मई 2016

गीतिका का ताना-बाना

OM NEERAV, LUCKNOW
          
           प्रस्तावना - ग़ज़ल एक काव्य विधा है जिसका प्रयोग किसी भी भाषा में किया जा सकता है ! इसलिए ग़ज़ल विधा को उर्दू की सीमित परिधि से बाहर निकालकर विस्तार देने के लिए हिंदी में ग़ज़ल लेखन को प्रोत्साहित करना आवश्यक है l
        बहती सरिता का जल निर्मल रहता है जबकि ठहरे हुए पोखर का जल सड़ने लगता है इसलिए ग़ज़ल को विस्तार देना अपरिहार्य है , 'ग़ज़ल को ग़ज़ल ही रहने देना' उचित नहीं है l  
              हिंदी भाषा और हिन्ही व्याकरण में लिखी ग़ज़ल को एक अलग नाम 'गीतिका' देने की भी आवशयकता है , इससे जहां एक ओर उर्दू ग़ज़ल का मौलिक स्वरुप अक्षुण्ण रहेगा , वहीँ दूसरी ओर 'गीतिका' को भी एक स्वतंत्र विधा के रूप में सम्मान से देखा जा सकेगा !
            गीतिका एक हिंदी छंद का नाम भी है किन्तु यह संयोग मात्र है , उस छंद से इस 'गीतिका' का कोई साम्य  नहीं है ! मेरी जानकारी के अनुसार इस परिप्रेक्ष्य में 'गीतिका' शब्द का प्रयोग सर्व प्रथम राष्ट्रीय कवि पद्म श्री गोपाल दास नीरज जी के द्वारा किया गया था ! अस्तु 'गीतिका' की प्रस्तुत अभिधारणा श्रद्धेय नीरज जी को साभार सप्रेम समर्पित है !

गीतिका की मुख्य अभिधारणाएं निम्नवत हैं --
(1)  हिंदी भाषा और व्याकरण में रची गयी ग़ज़ल को 'गीतिका' कहते हैं l इसे 'हिंदी ग़ज़ल' भी कह सकते है l गीतिका का छंदानुशासन वही है जो ग़ज़ल का है किन्तु भाषा , व्याकरण एवं अन्य मान्यताएं हिंदी की हैं l दोनों की समानता अग्र लिखित विन्दु (2) से (6) तक तथा भिन्नता विन्दु (7) से आगे तक स्पष्ट की गयी है l

 गीतिका और ग़ज़ल में समानताएं-------
(2) गीतिका की एक निश्चित 'मापनी' (बहर) होती है जो वास्तव में मात्राओं का एक निश्चित क्रम है जैसे -२१२ २१२ २१२ २१२ अथवा गालगा गालगा गालगा गालगा अथवा फाइलुन फाइलुन फाइलुन फाइलुन ! गीतिका के सभी 'पद' (मिसरे) एक ही मापनी में होते हैं !
(3) गीतिका में दो-दो पदों के कम से कम पाँच युग्म (शेर) होते हैं ! प्रत्येक युग्म का अर्थ अपने में पूर्ण होता है अर्थात वह अपने अर्थ के लिये किसी दूसरे युग्म का मुखापेक्षी नहीं होता है ! गीतिका के युग्म की एक 'विशेष कहन' होती है , जिसे विशिष्ट शैली , वक्रोक्ति ,अन्योक्ति ,बाँकपन या व्यंजना के रूप में भी देखा जा सकता है , ऐसा कुछ भी न हो तो सपाट भाषण या अभिधा से गीतिका का युग्म नहीं बनता है !
(4) पहले युग्म के दोनों पद तुकान्त होते है , इस युग्म को 'मुखड़ा' (मतला) कहते हैं ! बाद के प्रत्येक युग्म की पहली पंक्ति अनिवार्यतः अतुकांत होती है जिसे 'पूर्व पद' (मिसरा ऊला) कहते हैं तथा दूसरी पंक्ति तुकांत होती है , जिसे 'पूरक पद' (मिसरा सानी) कहते हैं ! अंतिम युग्म में यदि रचनाकार का उपनाम आता है तो उसे 'मनका' (मक्ता) कहते हैं !
(5) पूरी गीतिका में तुकान्त एक सामान रहता है l तुकान्त में दो खंड होते है -- अंत के जो शब्द सभी पंक्तियों में सामान होते हैं उन्हें 'पदान्त' (रदीफ़) कहते हैं तथा उसके पहले के शब्दों में जो अंतिम अंश सामान रहता है उसे 'समान्त' (काफिया) कहते हैं ! कुछ गीतिकाओं में पदांत नहीं होता है , ऐसी गीतिकाओं को 'अपदान्त गीतिका' (ग़ैर मुरद्दफ़ ग़ज़ल) कहते हैं !
(6) संक्षेप में कोई रचना तभी गीतिका हो सकती है जब उसमे पाँच बातें हों -- १. मापनी (बहर) २. पदान्त-समान्त (रदीफ़-काफिया) ३. मुखड़ा (मतला) ४. कम से कम पांच युग्म (शेर/अश'आर) ५. विशेष कहन l

गीतिका और ग़ज़ल में भिन्नताएं --------
(7) 'गीतिका' में हिंदी शब्दों का प्रयोग प्रमुखता से होना चाहिए किन्तु इतर भाषाओँ जैसे उर्दू , अंग्रेजी आदि के लोक प्रचलित शब्दों को भी सप्रेम स्वीकार किया जाना चाहिए l
इतर भाषाओँ जैसे उर्दू , अंग्रेजी आदि के लोक प्रचलित शब्दों का प्रयोग होता है तो उन शब्दों का प्रयोग उसी रूप में होना चाहिए जिस रूप में वे हिंदी में बोले जाते हैं और उन शब्दों पर वर्तनी और व्याकरण हिंदी की ही लागू होनी चाहिए ! किसके स्थान पर क्या अपेक्षित है , इसके कुछ उदहारण केवल बात को स्पष्ट करने के लिए --
शह्र > शहर , नज्र > नज़र , फस्ल > फसल , नस्ल > नसल काबिले-तारीफ़ > तारीफ़ के क़ाबिल , दर्दे-दिल > दिल का दर्द, दिलो-जान > दिल - जान , सुबहो-शाम > सुबह - शाम ,, आसमां > आसमान , ज़मीं > ज़मीन, अश'आर > शेरों , बहूर > बहरों , सवालात > सवालों , मोबाइल्स > मोबाइलों , चैनेल्स > चैनलों
 (8) मात्राभार की गणना , संधि - समास , तुकांतता या समान्तता आदि का निर्धारण हिंदी व्याकरण के अनुसार ही मान्य है l
(9) 'गीतिका' में अकार-योग (अलिफ़-वस्ल) जैसे 'हम अपना' को 'हमपना' पढ़ना , पुच्छ-लोप (पद के अंतिम लघु का लोप) जैसे 'पद के अंत में आने पर 'कबीर' को 12 मात्राभार में 'कबीर्' या 'कबी' जैसा पढना , समान्ताभास (ईता-दोष) जैसे 'चलना' और 'बचना' में समान्त दोषपूर्ण मानना आदि हिंदी व्याकरण के अनुरूप न होने के कारण मान्य नहीं हैं l इनके स्थान पर हिंदी भाषा व्याकरण के अपने नियम ही मान्य हैं l
(10) गीतिका के पदों की मापनी उर्दू मापनी (उर्दू बहर) के साथ-साथ किसी सनातनी छन्द या लोक छंद या किसी स्वैच्छिक लय पर भी आधारित हो सकती है l जो भी आधार हो उसका आदि से अंत तक सुनिश्चित अनुपालन होना चाहिए l
(11) गीतिका की चर्चा में हिंदी पदावली को चलन में लाने का प्रयास किया जाएगा किन्तु पहले से प्रचलित उर्दू पदावली की उपेक्षा नहीं की जाएगी l कुछ उदहारण --
युग्म = शेर /... गीतिका = हिंदी ग़ज़ल /... पद = मिसरा /... पूर्व पद = मिसरा ऊला /... पूरक पद = मिसरा सानी /... पदान्त = रदीफ़ /... समान्त = काफिया /... मुखड़ा = मतला /... मनका = मक़ता /... प्रवाह = रवानी /... कहन = बयाँ /... शैली = अंदाज़ /... कहन की शैली = अंदाज़े-बयाँ /... मापनी = बहर /... स्वरक = रुक्न /... स्वरकावली = अरकान /... मात्रा भार = वज़न /... कलन = तख्तीअ /... मौलिक मापनी = सालिम बहर /... मिश्रित मापनी = मुरक्कब बहर /... पदांत समता दोष = एबे-तकाबुले-रदीफ़ /... अपदान्त गीतिका = ग़ैर मुरद्दफ़ ग़ज़ल /... अकार योग = अलिफ़ वस्ल /... पुच्छ लोप = मिसरे के अंतिम लघु का लोप /... समान्ताभास = ईता /... धारावाही गीतिका = मुसल्सल ग़ज़ल.... इस पदावली में प्रयुक्त पदों के स्थान पर यदि कोई दूसरा अच्छा सुझाव आता है तो उसपर ससम्मान विचार किया जायेगा !

(12) अंततः यह भी स्पष्ट कर देना उपयुक्त होगा कि------
====================================================
'गीतिका' के रूप में ऐसी प्रत्येक 'ग़ज़ल' मान्य है जिसमे हिंदी व्याकरण की अवहेलना
न हो और उर्दू के दुरूह अप्रचलित शब्दों का प्रयोग न हो l
====================================================
उदहारण : -------------
हिंदी गजल : 'सच मानिए'

क्षम्य कुछ भी नहीं, बात सच मानिए !
भोग ही है क्षमा , तात सच मानिए !

भाग्य तो है क्रिया की सहज प्रति-क्रिया ,
हैं नियति-कर्म सहजात सच मानिए !

युद्ध से बच निकलना कला है बड़ी ,
व्यर्थ ही घात-प्रतिघात, सच मानिए !

घूमते हैं समय की परिधि पर सभी ,
कुछ नहीं पूर्व-पश्चात, सच मानिए !

वह अभागा गिरा मूल से , भूल पर -
कर सका जो न दृगपात सच मानिए !

सत्य का बिम्ब ही देखते हैं सभी ,
आजतक सत्य अज्ञात ,सच मानिये !
 .......... ओम नीरव , लखनऊ.

विन्दुवत व्याख्या :-------------------
(2) मापनी (बहर) -
२१२ २१२ २१२ २१२ ... अथवा
गालगा गालगा गालगा गालगा ... अथवा
फाइलुन फाइलुन फाइलुन फाइलुन
इनमे से पहली प्रणाली को सामान्यतः 'मात्राक्रम' , दूसरी प्रणाली को 'लगावली' और तीसरी प्रणाली को 'अरकान' के नाम से जाना जाता है l
(3) इसमें दो-दो पदों (मिसरों) के छः युग्म (शेर/अश'आर) हैं , कम से कम पांच युग्म होने चाहिए !
(4) पहले युग्म अर्थात मुखड़ा (मतला) के पद तुकांत है , जबकि बाद के प्रत्येक युग्म का पूर्व पद (मिसरा ऊला) अतुकांत और पूरक पद (मिसरा सानी) तुकान्त है ! अंतिम युग्म में उपनाम नहीं आया है , इसलिए इसे मनका (मक़ता) नहीं कहा जा सकता है !
(5) पूरी गीतिका का तुकान्त है - 'आत सच मानिए' , जिसके दो खंड हैं :- पहला समान्त (काफिया) - 'आत' और दूसरा पदान्त(रदीफ़) - 'सच मानिए' ! संक्षेप में --
तुकांत = समान्त + पदांत
आत सच मानिए = आत + सच मानिए
(6) विशिष्ट कहन की बात का निर्णय आप स्वयं करके देखें , जिस युग्म में वह विशेष कहन न हो उसे गीतिका का युग्म न मानें या दुर्बल युग्म मानें !
मित्रों ! विवादों से बचने के लिए मैंने अपनी गीतिका को ही उदहारण के रूप में लिया है जो बहुत उत्तम नहीं है ! बाद में कोई उपयुक्त अन्य उदहारण मिलने पर मैं इसे बदल दूंगा !
गीतिका के सृजन - संवर्धन में आपकी सहभागिता सादर प्रार्थित है ! सप्रेम !
                                -----------ओम नीरव, कवितालोक , लखनऊ


बुधवार, 4 मई 2016

एक अभिनव प्रयोग, एक सार्थक प्रयास एवं मातृभाषा का गौरव ( गीतिकालोक )

गीतिकालोक- गीतिका विधा एवं गीतिका संकलन ( शिल्प विधान सहित )
लेखक एवं सम्पादक-ओम नीरव
प्रकाशक-पारस प्रकाशन-एन-81, नवीन शाहदरा, दिल्ली-110032           
पृष्ठ--280 पेपरबैक                    मूल्य-300 रुपये । 

Dr. Sadhana Pradhan
=======================================

            प्रख्यात हिन्दी-साहित्य-सेवी एवं कविता-लोक के पुरोधा श्री ओम नीरव जी द्वारा संकलित व संपादित "गीतिकालोक" हिन्दी काव्य प्रेमियों के लिए एक प्रेरक, अमूल्य एवं संग्रहणीय पुस्तक है। विवेच्य पुस्तक की सम्पूर्ण विषय सामग्री दो भागों में विभक्त हैं- प्रथम भाग में आ. नीरव जी ने अपनी बहुमुखी प्रतिभा, स्वाध्याय एवं अथक श्रम से गीतिका विधा की रचना-प्रक्रिया-यथा-मात्राभार, तुकान्त-विधान, प्रचलित मापनियों का विविध हिन्दी छंदों से सम्बन्ध, मापनी विज्ञान का विस्तृत वैज्ञानिक निरुपण इतनी कुशलता से किया है कि नवांकुरों के लिए यह पुस्तक किसी वरदान से कम नहीं होगी । उर्दू बहर से पृथक, मापनियों को हिन्दी छंदों से जोड़कर जो सांगोपांग विवेचन किया गया है, अपने आप में बेजोड़ है, हिन्दी-व्याकरण एवं हिन्दी- साहित्य की एक अनुपम उपलब्धि है । इस सुन्दर आलेख में नीरव जी ने न केवल हिन्दी गीतिका विधा की सुघड़ देह का ताना-बाना रचा है अपितु इसकी आत्मा के सौंदर्य की कलात्मक व्याख्या करके एक अनुपम देशी विधा से हमारा साक्षात्कार भी करवाया है । मातृभाषा के ओज से आप्लावित, हिन्दी व्याकरण एवं हिन्दी के नाना छंदों से सुसज्जित गीतिका का यह रचना संसार, प्रौढ़ काव्य-धर्मियों के लिए भी अनुकरणीय है, स्तुत्य है-जिसके माध्यम से गीतिका विधा के शिल्प को समझना अत्यन्त सुगम हो गया है।

  छंद को सहेजती, विधा रसाल गीतिका
काव्य-कुँज में खिली, करे कमाल गीतिका
               --- ओम नीरव --

                वास्तव में इस गीतिका-विधा ने तो कमाल ही कर दिखाया....मापनीयुक्त मात्रिक व वर्णिक छंदों को आधार बनाकर, लेखक ने गीतिका-विधा की रचना-धर्मिता को समझाने का जो प्रयास किया है वह तो प्रसंशनीय है ही किन्तु मापनीमुक्त मात्रिक व वर्णिक छंदों पर गीतिका रचने का प्रयोग तो अपने आप में अनूठा है, वंदनीय है क्योंकि ऐसे छंदों में लय को साधना अपेक्षाकृत कठिन होता है लेकिन नीरव जी ने बहुत ही सुन्दर ढंग से इस दुष्कर कार्य को भी सहज और सुगम बनाकर सुधी-समाज को अचम्भित कर दिया है। यद्यपि यह सत्य ही होगा कि इस कार्य को यहाँ तक संपादित करनें में लेखक को बहुत उद्यम और लगन की आवश्यकता रही होगी जैसा कि स्वयं लेखक की कलम से यह तथ्य अनायास ही स्पष्ट हो जाता है -
    नहीं दिमाग़ से' कविता लिखी कभी  'नीरव'
      निचोड़ दिल को' भरे हमने' छंद के प्याले.
                 ------ओम नीरव -----

             मैं तो यही कहूँगी कि जिस समर्पण भाव से, जिस गहराई व मनोयोग से, लेखक ने इस विधा को सजाया है, सँवारा है और सुधी-समाज के समक्ष एक प्व्यवस्थित 'गीतिका-विधा' के रूप में प्रस्तुत किया है उसके  लिए वे निश्चित ही बधाई के पात्र हैं । उनके इस महायज्ञ में उनके शिष्य,  साथी व सहयोगी कविमित्रों ने अनेक आहुतियाँ दी हैं, जिसे द्वितीय भाग में कवि नीरव जी ने संकलित किया है। इस भाग में कवि-परिचय के साथ साथ समस्त कवियों द्वारा रचित गीतिकाओं को शिल्प-विधान सहित संजोया गया है जो अपने आप में एक अभिनव प्रयोग है। इस पुस्तक के माध्यम से कवि एवं लेखक नीरव जी व उनके सभी सहयोगी कवियों ने यह सिद्ध कर दिया कि-

      काव्य रचे मीत सरस शिल्प सधा भाव भरा
        धार लिए बात कहें, मर्म भरा व्यंग्य खरा.
                    ------ओम नीरव ------
सभी कवियों ने हिन्दी छंदों एवं छंद आधारित मापनियों पर एक से बढ़कर एक सुन्दर गीतिकाओं का सृजन किया हैं जिसे पढ़कर पाठक आत्मविभोर हो उठेगा। इस सरस सुन्दर और रससिक्त संग्रह के लिए मैं दिल से समस्त रचनाकारों को नमन करती हूँ और ह्रदय से शुभकामनाएँ देती हूँ ।
               मैं दावे के साथ कह सकती हूँ कि यह ' गीतिकालोक' पुस्तक साहित्य-समाज के लिए एक अनुपम उपलब्धि सिद्ध होगी । आ. लेखक व संपादक ओम नीरव जी व समस्त कवि-समुदाय को उनके उज्ज्वल भविष्य हेतु कोटिश : मंगलकामनाएँ प्रेषित करते हुए अपनी बात इन्हीं दो पंक्तियों के साथ समाप्त करती हूँ----

         'कलम' तो वह अमर होगी ।
         'कहन' जिसकी प्रखर होगी ।।
       
           ------डॉ. साधना प्रधान ( जयपुर, राजस्थान )

मंगलवार, 3 मई 2016

पवित्र ग्रन्थ "गीता "के समकक्ष- गीतिकालोक

      समीक्ष्य कृति – गीतिकालोक, कृतिकार – ओम नीरव
(पृष्ठ – 280, पेपर कवर, मूल्य – 300 रूपये, संपर्क – 07526063802)

PRAMOD TIWARI HANS
===================

              दिनांक 7 अप्रैल 2016 को उ,प्र,के सुल्तानपुर जनपद के पं.रामनरेश त्रिपाठी सभागार में जनपद के ही सुप्रसिद्ध गीतकार स्व.पं.रामानुज त्रिपाठी की स्मृति में उनके सुयोग्य सुपुत्र एवं सुप्रसिद्ध कवि पं.अवनीश त्रिपाठी के संयोजन में तथा परमादरणीय ओम नीरव जी के संरक्षण में कवितालोक ई समूह द्वारा अखिल भारतीय गीतिका समारोह एवं कवि सम्मेलन का आयोजन हुआ जिसमें कवितालोक के संरक्षक -संस्थापक ,हिन्दी साहित्य के पुरोधा एवं हिन्दी भाषा एवं साहित्य को समर्पित परमादरणीय ओम नीरव जी द्वारा सम्पादित एवं रचित तथा पारस प्रकाशन द्वारा प्रकाशित "गीतिका विधा एवं गीतिका संकलन "का विमोचन किया गया 

             उपरोक्त पुस्तक दो भागों विभाजित में है प्रथम भाग गीतिका विधा का है जिसमें तकनीकी शब्दावली ,मात्रा भार ,तुकान्त विधान ,मापनी विज्ञान ,आधार छंद ,मापनीयुक्त और मापनीमुक्त छंदों के विषय में विस्तार से समझाया गया है.गीतिका क्या है ?गीतिका के लक्षण क्या हैं?गीतिका और उर्दू गजल में क्या समानतायें हैं और क्या भिन्नतायें हैं गजल को हिन्दी में लिखने पर गीतिका नाम ही क्यों उचित और सार्थक तथा तर्क संगत है इस तथ्य को प्रमाण सहित सिद्ध किया गया है 
            गीतिका के इस भाग में परमादरणीय नीरव जी का परिश्रम और समर्पण स्पष्ट रूप से दृष्टिगोचर होता है यथार्थ में यह खंड वाणी पुत्रों के लिए हिन्दू धर्म के पवित्र ग्रन्थ "गीता "के समकक्ष ही है जिस प्रकार गीता के वचनों का पालन करके मनुष्य अपने प्रारब्ध को सुधार सकता है और भावीजीवन का निर्धारण कर सकता है उसी प्रकार इस पवित्र ग्रन्थ गीतिकालोक का अध्ययन करके अपना वर्तमान और भविष्य सुधारा जा सकता है .यह नवोदितों के लिए सम्पूर्ण विश्व विद्यालय है ऐसे पवित्र ग्रन्थ की रचना के लिए परमादरणीय नीरव जी को शत -शत नमन संकलन के द्वितीय भाग में सम्पूर्ण भारत के सुप्रसिद्ध रचनाकारों की श्रेष्ठ गीतिकायें और मुक्तक हैं जिन्हें पढ़कर ज्ञानवर्धन होगा और आनन्द की प्राप्ति भी होगी ऐसे पवित्र ग्रन्थ में मेरी भी रचनाओं को स्थान मिलना सौभाग्य की बात है
है कहां सामर्थ्य मुझ में लिख सकूं कुछ और भी 
मातु चरणौं में ठिकाना है न दूजा ठौर भी 


सूर्य उज्ज्वल किरण सी विधा गीतिका 
दौड़ती वन हिरण सी विधा गीतिका 
ये पताका बनी उड़ चली है गगन 
सुप्त के जागरण सी विधा गीतिका
  सादर आभार ,आदरणीय    .......   प्रमोद तिवारी हंस,इटावा उ प्र.