कवितालोक सृजन संस्थान के तत्वावधान में १० फरवरी २०१८ को एक काव्यशाला का आयोजन चन्द्र वाटिका शिक्षा निकेतन, महोना, इटौंजा, लखनऊ में व्यवस्थापक डॉ. चन्द्र कुमार मिश्र के सौजन्य से कवितालोक अध्यक्ष ओम नीरव के संरक्षण में किया गया। आयोजन की अध्यक्षता श्री सिद्धेश्वर शुक्ल 'क्रांति' जी ने की तथा संयोजन और संचालन युवा कवि राहुल द्विवेदी स्मित ने किया। मुख्य अतिथि के रूप में श्री अनागत काव्य संस्थान के संरक्षक, प्रसिद्ध गीतकार डॉ० अजय प्रसून तथा विशिष्ठ अतिथि के रूप में श्री कुँवर कुसुमेश व डॉ० अशोक शर्मा जी उपस्थित रहे।
काव्यशाला का प्रारम्भ विद्यालय की कक्षा ९ की छात्रा उन्नति मिश्रा व रिया मिश्रा की सुमधुर वाणी वंदना से हुआ। इस अवसर पर अनेक कवियों ने छंद, मुक्तक, गीत, गीतिका, ग़ज़ल, व्यंग्य आदि के द्वारा श्रोताओं को मुग्ध कर दिया। साथ ही विद्यालय के बच्चों ने अपनी जिज्ञासु प्रवृत्ति के आधार पर मंचासीन अतिथि व विशेषज्ञों से साहित्य व कविता के सन्दर्भ में अपने प्रश्न पूछे और उनका संतुष्टि पूर्ण उत्तर प्राप्त किया । प्रश्न पूछने वाले बच्चों में जहाँ एक ओर कक्षा ९ के छात्र गुफरान ने प्रश्न किया "साहित्य क्या है ?", तो वहीं दूसरी ओर कक्षा ९ के ही छात्र गौरव चौरसिया ने "कविता लिखते समय मात्राओं की गणना क्यों कि जाती है?" पूछा; साथ ही कक्षा-८ की छात्रा शदब कुरैसी ने कविता लोक सृजन संस्थान के संरक्षक ओम नीरव से उनके द्वारा रचित कोई भी वर्णिक छंद सुनने की इच्छा प्रकट की, जिसको सहर्ष स्वीकारते हुए ओम नीरव ने स्वरचित वर्णिक छंदों को उनके शिल्प विधान सहित प्रस्तुत किया ।
कार्यक्रम के एक अन्य चरण में कविता लोक सृजन संस्थान के संरक्षक श्री ओम नीरव जी ने लखनऊ के युवा छंदकार मुकेश मिश्र को 'कवितालोक रत्न' सम्मान प्रदान कर सम्मानित किया ।
काव्यपाठ करने वाले कवियों में कविता लोक सृजन संस्थान के संरक्षक ओम नीरव ने 'गुदगुदाए पवन फागुनी धूप में, खिलखिलाये बदन फागुनी धूप में । बाल-कोपल लिए गोद में डालियाँ, दादियों सी मगन फागुनी धूप में ।।' सुनाकर फाल्गुन के महीने का बहुत ही मर्मस्पर्शी विम्ब प्रस्तुत किया। अपने अध्यक्षीय काव्यपाठ में सिद्धेश्वर शुक्ल 'क्रांति' ने इन पंक्तियों में वर्तमान सामाजिक व्यवस्था को दर्पण दिखाने का प्रयास किया- 'आज शिष्टाचार-भ्रष्टाचार का है अर्दली, अब मनुजता ही दनुज के हाथ से जाती छली ।' लखनऊ से पधारे व कार्यक्रम के मुख्य अतिथि डॉ० अजय प्रसून ने - 'वक़्त की अपनी मुँह जबानी है, ये ग़ज़ल आज की कहानी है । ये ग़ज़ल यूँ ही कह नहीं दी है, बस्ती-बस्ती की खाक छानी है ।।' पढ़कर अपने जीवन सफर के अनुभवों को कविता के बाने में सबके सामने रखा । इसी क्रम में लखनऊ से पधारे जाने माने शायर कुँवर कुसुमेश ने "मुहब्बत से बुलाया जा रहा है, हमें फिर आजमाया जा रहा है ।" जैसे खूबसूरत व गहरे शेर पढ़कर सभी की जोरदार तालियाँ बटोरीं । प्रसिद्ध लेखक व कवि डॉ० अशोक शर्मा ने 'रास्ते भी आप भी हम भी वहीं हैं, सब वहीं केवल समय बदला हुआ है ।' जैसी पंक्तियाँ पढ़कर सभी को आत्मचिंतन पर विवश कर दिया । वरिष्ठ कवि सम्पत्ति कुमार मिश्र 'भ्रमर बैसवारी' ने अपनी छाँदिक प्रस्तुति में सभी को आनन्दित कर दिया- 'गेट झकझोर दीन, कह बरजोर दीन, छाड़िहौं न राह तोरी, सच कहौं बावरी ।' उभरते हुए शायर सचिन मेहरोत्रा ने 'खूब सुनते हैं कम ही कहते हैं, दर्द इस दिल का गम ही कहते हैं ।' जैसे गहरे शेर व ग़ज़लें पढ़कर सभी को वाह-वाह करने पर मजबूर कर दिया । इसी क्रम में युवा शायर गौरव पाण्डे ने 'सभी के दिल मे ये मासूम ख्वाहिस पहली रहती है, जियूँ ये जिंदगी ताउम्र माँ का लाडला होकर ।' जैसे शेर पढ़कर जिंदगी के कई विषयों को शायरी में अपने ही अंदाज में सबके सामने खोल कर रख दिया । युवा छंदकार मुकेश मिश्र ने जब इन पंक्तियों में एक कडुई सच्चाई को सबने सामने पेश किया तो सदन में मौजूद सभी लोग गहन चिंतन में डूबते दिखे - 'उन्नति हमारे देश की है प्रेम के विस्तार में, तेजाब के तालाब में पंकज नहीं खिलते कभी ।'
हास्य कवि चेतराम अज्ञानी ने फागुन को अपने ही अंदाज में कुछ यों प्रस्तुत किया- 'गर्दा भरी बयार यू फागुन का असर है, मनमा उठै खुमार यू फागुन का असर है ।' इसी क्रम में उभरते हुए हास्य कवि विपिन मलीहाबादी इन पंक्तियों के माध्यम से सभी कवि पतियों को खुशहाल जीवन के कुछ टिप्स देते नजर आए- 'पत्नी पर कविता लिखो, होगी पूरी आस । वरना कोई और लिख, हो जाएगा खास ।।' उभरते हुए गीतिकाकार मंजुल मंजर लखनवी ने 'आप शतरंज के कितने भी बिछा लो मोहरे, सारी बाजी को किसी वक़्त पलट सकता हूँ ।' पढ़कर खूब तालियाँ बटोरीं । इसी क्रम में युवा कवि नीरव द्विवेदी ने इन पंक्तियों में वर्तमान राजनैतिक परिवेश पर व्यंग कसा- 'घात लगाता ऊँट है, हाथी घोड़े चाल । राजनीति के खेल में, प्यादा है बेहाल ।।'
कार्यक्रम के संयोजक व संचालक राहुल द्विवेदी 'स्मित' ने टूटती सामाजिक व्यवस्था व बिखरते हुए रिश्तों पर चिंता जताते हुए जब ये पंक्तियाँ पढ़ीं तो वहाँ उपस्थित सभी की आँखें नम हो उठीं- 'अम्मा-बाबू जी के सपने अब ठोकर खाते हैं, चार कदम चलते ही बच्चे दूर चले जाते हैं । भूल चुके हैं बच्चे अम्मा-बापू के उपकार, जाने किसने बना दिया है रिश्तो को ब्यापार ।'
सोमवार, 12 फ़रवरी 2018
युवा छन्दकार मुकेश मिश्र 'कवितालोक रत्न' से हुए सम्मानित
बुधवार, 13 दिसंबर 2017
कवितालोक की 20 वीं महोना काव्यशाला
चंद्रवाटिका शिक्षा निकेतन महोना में कवितालोक की 20 वीं काव्यशाला का आयोजन डॉ सी के मिश्र के सौजन्य से राहुल द्विवेदी स्मित के संयोजन और संचालन में सम्पन्न हुआ। काव्यशाला की अध्यक्षता प्रख्यात कवि कुमार तरल जी ने की जभी मुख्य अतिथि के रूप में डॉ अशोक शर्मा और विशिष्ट अतिथि के रूप में डॉ सुभाष चंद्र गुरुदेव उपस्थित रहे। इस अवसर पर कवुतालोक के संरक्षक ओम नीरव ने बाराबंकी से पधारे कविवर राज कुमार सोनी जी को 'कवितालोक रत्न से सम्मानित किया। काव्यशाला नाम को सार्थक करते हुए विद्यालय के छत्रों ने हिन्दी कावता पर अनेक प्रश्न पूछे जिनका सटीक और रोचक उत्तर मंच से दिया गया। प्रश्नकर्ता छात्रों में आयाज़ बेग कक्षा नौ, गुफारान कक्षा नौ और अर्पित मौर्य कक्षा आठ मुख्य थे। काव्यपाठ का प्रारम्भ छात्राओं की वाणी वंदना से हुआ। इसी क्रम में काव्य पाठ करते हुए राजा भैया राजाभ जी ने अपने दोहों से मन मोह लिया-
कहीं अस्मिता प्रश्न है, कहीं तुष्टि का भाव,
यहीं द्वंद्व है दे रहा, राष्ट्रवाद को घाव।
मृगाङ्क श्रीवास्तव -
बापू तुम टेंशन न लेना,
कोई भी पार्टी है चल नहीं सकती तुम्हारे बिना।
सचिन महरोत्रा -
चरागे दिल जलाना चाहिए था,
कि मौसम फिर सुहाना चाहिए।
अनुज पाण्डेय-
सबको हैरत में डाल देती है।
माँ मेरी सब सँभाल लेती है।
गौरव पाण्डेय रुद्र -
मेरी माँ का ये चाँद सा चेहरा
मुश्किलों में भी रास्ता देगा।
राज कुमार सोनी-
जयचंदों का वंश न होता,
मुगलों का फिर अंश न होता,
भारत माता की छती पर,
बाबर जैसा दंश न होता।
मनीष सोनी -
खिलेंगे पुष्प वादी में जो इतना कर सकोगे तुम,
उठाएँ सर सपोले जो उन्हें फौरन कुचल डालो।
केवल प्रसाद सत्यम -
बच्चों की किलकारियाँ, हाव-भाव मुस्कान,
आकर्षित कर विश्व को, दिया प्रेम-विज्ञान।
मन मोहन बाराकोटी तमाचा लखनवी -
किसी की गणेश परिक्रमा कभी न कीजिए,
स्वाभिमान के लिए तज प्राण दीजिए।
संदीप अनुरागी जी -
उस परम शक्ति ने तुमको ताकत दी है,
अपनी मेहनत से माती को सोना करो।
गौरीशंकर वैश्य विनम्र जी-
काव्य के लोक से छंद खोने लगे,
चुट्कुले हंस पड़े गीत रोने लगे।
मुख्य अतिथि डॉ अशोक शर्मा जी -
आजतक बस मैं तुम्हें रखकर किनारे ही जिया हूँ,
किन्तु फिर भी चाहता हूँ हाथ मेरा थाम कर रखो सदा तुम।
अध्यक्ष कुमार तरल-
नमन करते शहीदों को जो पहरेदार सीमा के,
न मंदिर और न मस्जिद बस अमन की बात करते हैं।
काव्य पाठ को शिखर तक पाकुंचाने वाले अन्य कवियों में मुख्य थे -राहुल द्विवेदी स्मित जी, संपत्ति कुमार मिश्र भ्रमर बैसवारी जी, गोबर गणेश जी और डॉ. सुभाष चंद्र गुरुदेव जी और ओम नीरव।
काव्यशाला के समापन पर डॉ सी के मिश्र जी ने छात्रों के व्यक्तित्व के सर्वांगीण विकास में कवितालोक की भूमिका अभिनंदन के योग्य है।
रविवार, 27 नवंबर 2016
कवितालोक - जयपुर की द्वितीय मासिक काव्यशाला संपन्न
कवितालोक
***********
जयपुर की द्वितीय-काव्यशाला का आयोजन संस्था के संस्थापक ओम नीरव जी के संरक्षण और वरिष्ठ सदस्य और चतुष्पदी समारोह के संचालक श्री लक्ष्मण रामानुज लड़ीवाला जी के संयोजन में गंगोत्री नगर,गोपालपुरा,जयपुर स्थित उनके निवास पर श्री आर.सी.शर्मा गोपाल जी की अध्यक्षता में संपन्न हुआ |
गोष्ठी में डॉ. बजरंग सोनी ने प्राकृति के प्रतीकों का प्रयोग कर सुंदर भाव बिम्ब उकेरे - “प्यार हो ही जाता है पहाड़ को फिजाओं से, पेड़ को हवाओं से' और फिर अजन्मी कन्याओं को शब्दायित करती मार्मिक रचना सुनाई जिससे कई आँखें नाम हो गईं।
आर.सी. शर्मा गोपाल जी ने देश की समकालीन परिस्थितियों पर रचनाएँ सुनाकर श्रीताओं को मंत्रमुग्ध कर लिया, उनका प्रशंसित दोहा-
बहुत कहा संतोष रख, छोड़ों संचय भाव,
डूबीं अपने बोझ से,जिनकी भारी नाव।
सुशील सरना जी ने राष्ट्रीय एकता हा संदेश कुछ इसप्रकार व्यंजित किया-
जमी से ज़रा राख उठाकर बताओ,
ये हिन्दू है या मुसलमान बताओ।
सुरेश गोस्वामी 'सुरेशजी' जी ने भाव भरे दोहे सुनाकर खूब तालियाँ प्राप्त कीं -
सभी देव, तीरथ धरम, पुण्य, तपस्या दान,
मिल जाएं होता जहाँ नारी का सम्मान” |
मौन साधना है पिता, सतत करे संघर्ष,
अनुशासन पुरुषार्थ से, परिजन को दे हर्ष |
कवयित्री शिवानी शर्मा जी ने हृदय की भाषा में रचना सुनाई तो श्रोता वाह-वाह कर उठे-
मेरी दीवानगी उनको हद से ज्यादा खलती है,
नफरतें ही नफरतें जिनके दिल में पल में पलती है।
चन्द्र प्रकाश पारीक जी ने समाज को दर्पण दिखाते हुए सुनाया -
जीने का सामान बहुत है,
इंसान भी शैतान बहुत है।
संयोजक लक्ष्मण रामानुज लड़ीवाला ने चांदों की छट बिखेरते हुए इन पंक्तियों पर श्रोताओं की सराहना प्राप्त की -
परेशान जनता को करते, षड्यंत्रों का बुनते जाल,
काले धन से भरा खजाना, आज बना जी का जंजाल।
और फिर गीतिका सुनाई तो श्रोता युग्म प्रति युग्म पर वाह-वाह करने के लिए विवश हो गए-
चौराहे पर खड़ी जिन्दगी, मुश्किल है समझाना,
निर्जन वन को दीन निहारें, खाली हुआ खजाना |
हो जाती जब शाम जिन्दगी, दूर तभी तब अपने,
कठिन डगर सी लगें जिन्दगी, मुश्किल वक्त बिताना।
रतन राठौड़ जी ने भावभरी रचना सुनाकर श्रोताओं का हृदय जीत लिया-
बन्द आँखों से रिझाना आ गया, लो हमें अब मुस्कुराना आ गया।
इनके अतिरिक्त आलोक चतुर्वेदी जी सहित सभी कवियों के सरस काव्य पाठ के साथ काव्यशाला में कोई चार घंटे तक गीत गीतिका, छंद, मुक्तक आदि का रसास्वादन होता रहा।
इसी बीच कवितालोक के संस्थापक श्रद्धेय ओम नीरव जी ने लखनऊ से लड़ीवाला जी के मोबाइल पर सभी आगंतुक कवियों को अपना शुभ कामना सन्देश दिया और खेद व्यक्त करते हुए बताया कि उनकी भाभी का निधन को जाने के कारण वे नहीं पहुँच सके। सभी ने उनकी भाभी के आकस्मिक निधन पर दुख जताते हुए उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की। इस अवसर पर आर.सी. शर्मा गोपाल जी, अलोक चतुर्वेदी जी और रतन राठोड जी को लक्ष्मण रामानुज लड़ीवाला के प्रथम काव्य संग्रह "करते शब्द प्रहार" की प्रतियाँ भेंट की गईं। अंत में संयोजक लड़ीवाला जी ने गोष्ठी को सफल बनाने के लिए उपस्थित सभी साहित्यकारों का आभार व्यक्त किया और कवितालोक कार्यशाला के भावी आयोजनों को अधिकाधिक उपस्थिति से सफल बनाने का आह्वान किया।
प्रस्तुति :---
लक्ष्मण रामानुज लड़ीवाला