कवितालोक सृजन संस्थान के तत्वावधान में १० फरवरी २०१८ को एक काव्यशाला का आयोजन चन्द्र वाटिका शिक्षा निकेतन, महोना, इटौंजा, लखनऊ में व्यवस्थापक डॉ. चन्द्र कुमार मिश्र के सौजन्य से कवितालोक अध्यक्ष ओम नीरव के संरक्षण में किया गया। आयोजन की अध्यक्षता श्री सिद्धेश्वर शुक्ल 'क्रांति' जी ने की तथा संयोजन और संचालन युवा कवि राहुल द्विवेदी स्मित ने किया। मुख्य अतिथि के रूप में श्री अनागत काव्य संस्थान के संरक्षक, प्रसिद्ध गीतकार डॉ० अजय प्रसून तथा विशिष्ठ अतिथि के रूप में श्री कुँवर कुसुमेश व डॉ० अशोक शर्मा जी उपस्थित रहे।
काव्यशाला का प्रारम्भ विद्यालय की कक्षा ९ की छात्रा उन्नति मिश्रा व रिया मिश्रा की सुमधुर वाणी वंदना से हुआ। इस अवसर पर अनेक कवियों ने छंद, मुक्तक, गीत, गीतिका, ग़ज़ल, व्यंग्य आदि के द्वारा श्रोताओं को मुग्ध कर दिया। साथ ही विद्यालय के बच्चों ने अपनी जिज्ञासु प्रवृत्ति के आधार पर मंचासीन अतिथि व विशेषज्ञों से साहित्य व कविता के सन्दर्भ में अपने प्रश्न पूछे और उनका संतुष्टि पूर्ण उत्तर प्राप्त किया । प्रश्न पूछने वाले बच्चों में जहाँ एक ओर कक्षा ९ के छात्र गुफरान ने प्रश्न किया "साहित्य क्या है ?", तो वहीं दूसरी ओर कक्षा ९ के ही छात्र गौरव चौरसिया ने "कविता लिखते समय मात्राओं की गणना क्यों कि जाती है?" पूछा; साथ ही कक्षा-८ की छात्रा शदब कुरैसी ने कविता लोक सृजन संस्थान के संरक्षक ओम नीरव से उनके द्वारा रचित कोई भी वर्णिक छंद सुनने की इच्छा प्रकट की, जिसको सहर्ष स्वीकारते हुए ओम नीरव ने स्वरचित वर्णिक छंदों को उनके शिल्प विधान सहित प्रस्तुत किया ।
कार्यक्रम के एक अन्य चरण में कविता लोक सृजन संस्थान के संरक्षक श्री ओम नीरव जी ने लखनऊ के युवा छंदकार मुकेश मिश्र को 'कवितालोक रत्न' सम्मान प्रदान कर सम्मानित किया ।
काव्यपाठ करने वाले कवियों में कविता लोक सृजन संस्थान के संरक्षक ओम नीरव ने 'गुदगुदाए पवन फागुनी धूप में, खिलखिलाये बदन फागुनी धूप में । बाल-कोपल लिए गोद में डालियाँ, दादियों सी मगन फागुनी धूप में ।।' सुनाकर फाल्गुन के महीने का बहुत ही मर्मस्पर्शी विम्ब प्रस्तुत किया। अपने अध्यक्षीय काव्यपाठ में सिद्धेश्वर शुक्ल 'क्रांति' ने इन पंक्तियों में वर्तमान सामाजिक व्यवस्था को दर्पण दिखाने का प्रयास किया- 'आज शिष्टाचार-भ्रष्टाचार का है अर्दली, अब मनुजता ही दनुज के हाथ से जाती छली ।' लखनऊ से पधारे व कार्यक्रम के मुख्य अतिथि डॉ० अजय प्रसून ने - 'वक़्त की अपनी मुँह जबानी है, ये ग़ज़ल आज की कहानी है । ये ग़ज़ल यूँ ही कह नहीं दी है, बस्ती-बस्ती की खाक छानी है ।।' पढ़कर अपने जीवन सफर के अनुभवों को कविता के बाने में सबके सामने रखा । इसी क्रम में लखनऊ से पधारे जाने माने शायर कुँवर कुसुमेश ने "मुहब्बत से बुलाया जा रहा है, हमें फिर आजमाया जा रहा है ।" जैसे खूबसूरत व गहरे शेर पढ़कर सभी की जोरदार तालियाँ बटोरीं । प्रसिद्ध लेखक व कवि डॉ० अशोक शर्मा ने 'रास्ते भी आप भी हम भी वहीं हैं, सब वहीं केवल समय बदला हुआ है ।' जैसी पंक्तियाँ पढ़कर सभी को आत्मचिंतन पर विवश कर दिया । वरिष्ठ कवि सम्पत्ति कुमार मिश्र 'भ्रमर बैसवारी' ने अपनी छाँदिक प्रस्तुति में सभी को आनन्दित कर दिया- 'गेट झकझोर दीन, कह बरजोर दीन, छाड़िहौं न राह तोरी, सच कहौं बावरी ।' उभरते हुए शायर सचिन मेहरोत्रा ने 'खूब सुनते हैं कम ही कहते हैं, दर्द इस दिल का गम ही कहते हैं ।' जैसे गहरे शेर व ग़ज़लें पढ़कर सभी को वाह-वाह करने पर मजबूर कर दिया । इसी क्रम में युवा शायर गौरव पाण्डे ने 'सभी के दिल मे ये मासूम ख्वाहिस पहली रहती है, जियूँ ये जिंदगी ताउम्र माँ का लाडला होकर ।' जैसे शेर पढ़कर जिंदगी के कई विषयों को शायरी में अपने ही अंदाज में सबके सामने खोल कर रख दिया । युवा छंदकार मुकेश मिश्र ने जब इन पंक्तियों में एक कडुई सच्चाई को सबने सामने पेश किया तो सदन में मौजूद सभी लोग गहन चिंतन में डूबते दिखे - 'उन्नति हमारे देश की है प्रेम के विस्तार में, तेजाब के तालाब में पंकज नहीं खिलते कभी ।'
हास्य कवि चेतराम अज्ञानी ने फागुन को अपने ही अंदाज में कुछ यों प्रस्तुत किया- 'गर्दा भरी बयार यू फागुन का असर है, मनमा उठै खुमार यू फागुन का असर है ।' इसी क्रम में उभरते हुए हास्य कवि विपिन मलीहाबादी इन पंक्तियों के माध्यम से सभी कवि पतियों को खुशहाल जीवन के कुछ टिप्स देते नजर आए- 'पत्नी पर कविता लिखो, होगी पूरी आस । वरना कोई और लिख, हो जाएगा खास ।।' उभरते हुए गीतिकाकार मंजुल मंजर लखनवी ने 'आप शतरंज के कितने भी बिछा लो मोहरे, सारी बाजी को किसी वक़्त पलट सकता हूँ ।' पढ़कर खूब तालियाँ बटोरीं । इसी क्रम में युवा कवि नीरव द्विवेदी ने इन पंक्तियों में वर्तमान राजनैतिक परिवेश पर व्यंग कसा- 'घात लगाता ऊँट है, हाथी घोड़े चाल । राजनीति के खेल में, प्यादा है बेहाल ।।'
कार्यक्रम के संयोजक व संचालक राहुल द्विवेदी 'स्मित' ने टूटती सामाजिक व्यवस्था व बिखरते हुए रिश्तों पर चिंता जताते हुए जब ये पंक्तियाँ पढ़ीं तो वहाँ उपस्थित सभी की आँखें नम हो उठीं- 'अम्मा-बाबू जी के सपने अब ठोकर खाते हैं, चार कदम चलते ही बच्चे दूर चले जाते हैं । भूल चुके हैं बच्चे अम्मा-बापू के उपकार, जाने किसने बना दिया है रिश्तो को ब्यापार ।'
सोमवार, 12 फ़रवरी 2018
युवा छन्दकार मुकेश मिश्र 'कवितालोक रत्न' से हुए सम्मानित
बुधवार, 13 दिसंबर 2017
कवितालोक की 20 वीं महोना काव्यशाला
चंद्रवाटिका शिक्षा निकेतन महोना में कवितालोक की 20 वीं काव्यशाला का आयोजन डॉ सी के मिश्र के सौजन्य से राहुल द्विवेदी स्मित के संयोजन और संचालन में सम्पन्न हुआ। काव्यशाला की अध्यक्षता प्रख्यात कवि कुमार तरल जी ने की जभी मुख्य अतिथि के रूप में डॉ अशोक शर्मा और विशिष्ट अतिथि के रूप में डॉ सुभाष चंद्र गुरुदेव उपस्थित रहे। इस अवसर पर कवुतालोक के संरक्षक ओम नीरव ने बाराबंकी से पधारे कविवर राज कुमार सोनी जी को 'कवितालोक रत्न से सम्मानित किया। काव्यशाला नाम को सार्थक करते हुए विद्यालय के छत्रों ने हिन्दी कावता पर अनेक प्रश्न पूछे जिनका सटीक और रोचक उत्तर मंच से दिया गया। प्रश्नकर्ता छात्रों में आयाज़ बेग कक्षा नौ, गुफारान कक्षा नौ और अर्पित मौर्य कक्षा आठ मुख्य थे। काव्यपाठ का प्रारम्भ छात्राओं की वाणी वंदना से हुआ। इसी क्रम में काव्य पाठ करते हुए राजा भैया राजाभ जी ने अपने दोहों से मन मोह लिया-
कहीं अस्मिता प्रश्न है, कहीं तुष्टि का भाव,
यहीं द्वंद्व है दे रहा, राष्ट्रवाद को घाव।
मृगाङ्क श्रीवास्तव -
बापू तुम टेंशन न लेना,
कोई भी पार्टी है चल नहीं सकती तुम्हारे बिना।
सचिन महरोत्रा -
चरागे दिल जलाना चाहिए था,
कि मौसम फिर सुहाना चाहिए।
अनुज पाण्डेय-
सबको हैरत में डाल देती है।
माँ मेरी सब सँभाल लेती है।
गौरव पाण्डेय रुद्र -
मेरी माँ का ये चाँद सा चेहरा
मुश्किलों में भी रास्ता देगा।
राज कुमार सोनी-
जयचंदों का वंश न होता,
मुगलों का फिर अंश न होता,
भारत माता की छती पर,
बाबर जैसा दंश न होता।
मनीष सोनी -
खिलेंगे पुष्प वादी में जो इतना कर सकोगे तुम,
उठाएँ सर सपोले जो उन्हें फौरन कुचल डालो।
केवल प्रसाद सत्यम -
बच्चों की किलकारियाँ, हाव-भाव मुस्कान,
आकर्षित कर विश्व को, दिया प्रेम-विज्ञान।
मन मोहन बाराकोटी तमाचा लखनवी -
किसी की गणेश परिक्रमा कभी न कीजिए,
स्वाभिमान के लिए तज प्राण दीजिए।
संदीप अनुरागी जी -
उस परम शक्ति ने तुमको ताकत दी है,
अपनी मेहनत से माती को सोना करो।
गौरीशंकर वैश्य विनम्र जी-
काव्य के लोक से छंद खोने लगे,
चुट्कुले हंस पड़े गीत रोने लगे।
मुख्य अतिथि डॉ अशोक शर्मा जी -
आजतक बस मैं तुम्हें रखकर किनारे ही जिया हूँ,
किन्तु फिर भी चाहता हूँ हाथ मेरा थाम कर रखो सदा तुम।
अध्यक्ष कुमार तरल-
नमन करते शहीदों को जो पहरेदार सीमा के,
न मंदिर और न मस्जिद बस अमन की बात करते हैं।
काव्य पाठ को शिखर तक पाकुंचाने वाले अन्य कवियों में मुख्य थे -राहुल द्विवेदी स्मित जी, संपत्ति कुमार मिश्र भ्रमर बैसवारी जी, गोबर गणेश जी और डॉ. सुभाष चंद्र गुरुदेव जी और ओम नीरव।
काव्यशाला के समापन पर डॉ सी के मिश्र जी ने छात्रों के व्यक्तित्व के सर्वांगीण विकास में कवितालोक की भूमिका अभिनंदन के योग्य है।
मंगलवार, 17 जनवरी 2017
महोना में कवितालोक सृजन संस्थान लखनऊ की काव्यशाला का सफल आयोजन
कवितालोक सृजन संस्थान के तत्वावधान में एक काव्यशाला का आयोजन महोना के चन्द्र वाटिका शिक्षा निकेतन में व्यवस्थापक डॉ० सी.के. मिश्र जी के सौजन्य से किया गया। आयोजन की अध्यक्षता नरेंद्र भूषण जी ने की तथा संयोजन और संचालन युवा कवि राहुल द्विवेदी स्मित ने किया। मुख्य अतिथि के रूप में डॉ अजय प्रसून जी और विशिष्ट अतिथि के रूप में श्री केदार नाथ शुक्ल जी व श्री श्याम फतनपुरी जी उपस्थित रहे।
काव्यशाला का प्रारम्भ मंजुल मंज़र लखनवी जी की सुमधुर वाणी वंदना से हुआ । इस अवसर पर अनेक कवियों ने छंद, मुक्तक, गीत, गीतिका, ग़ज़ल, व्यंग्य आदि के द्वारा श्रोताओं को मंत्रमुग्ध कर लिया । कार्यक्रम का महत्व तब और बढ़ गया जब विद्यालय के बच्चों ने अपनी जिज्ञासु प्रवृत्ति के आधार पर मंचासीन अतिथि व विशेषज्ञों से साहित्य व कविता के सन्दर्भ में अपने प्रश्न पूछे और उनका संतुष्टि पूर्ण उत्तर प्राप्त किया । प्रश्न पूछने वाले बच्चों में सूरज कुमार (कक्षा-१०), आकृति मौर्या (कक्षा-९), बुशरा फातिमा (कक्षा-९) आदि प्रमुख रहे ।
कार्यक्रम में कवितालोक सृजन संस्थान के संरक्षक ओम नीरव जी ने 'विश्व विधायक' साप्ताहिक समाचार पत्र के सम्पादक व कवि श्री मृत्युंजय प्रसाद गुप्त जी को 'कविता लोक रत्न' सारस्वत सम्मान से सम्मानित किया ।
इस अवसर पर अध्यक्षीय काव्यपाठ करते हुए नरेंद्र भूषण जी ने:----
' है अधिक ऊँचा नहीं ये आसमाँ,
सिर जरा ऊँचा उठाकर देखिये ।
आईने में खुद दिखेंगे अजनबी,
आप यदि आँखें मिलाकर देखिये ।।'
सुनाकर कार्यक्रम को उत्कृष्टता प्रदान की ।
कविता लोक के संरक्षक ओम नीरव जी ने:---
'ओ शमा, छंद हूँ मैं पतंगा नहीं,
ख्याति की ज्योति में मैं जलूँगा नहीं ।'
पंक्तियों में एक सच्चे कवि के हृदय की भावनाओं को स्वर दिए ।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि व देश के प्रसिद्ध गीतकार डॉ. अजय प्रसून जी ने:---
'एक बून्द तो क्या ये,
मरु का सागर पचा रही है ।
मृगतृष्णा हमको दलदल में,
कब से नचा रही है ।'
सुनाकर श्रोताओं को झूमने पर विवश कर दिया ।
सीतापुर से पधारे व मंचों के सशक्त हस्ताक्षर केदार नाथ शुक्ल जी ने:-----
'गांधी के तन पर भले अभी
दिखलाती एक लँगोटी है ।
पर उनके चेलों ने तिकड़म
से रकम पीट ली मोटी है । '
जैसी पंक्तियों से वर्तमान भ्रष्ट व्यवस्था पर जोरदार तमाचा जड़ा और जनमानस को सोंचने पर विवश किया ।
श्याम फतनपुरी जी ने:---
'सारे तीरथ आ जाते हैं,
उन चरणों की सेवा में ।
माई- बाबू की सेवा में
चारो धाम हमारा हो ।'
सुनाकर सभी को भारतीय संस्कृति में संस्कारों की महत्ता का स्मरण करा दिया ।
उमाकान्त पांडे जी ने:----
''हमारे देश की सरहद को
दुश्मन छू नहीं सकता,
तिरंगा हाथ में है दिल में
हिंदुस्तान जिन्दा है ।''
सुनाकर देश के हर नागरिक के देश के प्रति उद्गारों को आवाज दी ।
शशि सौरभ जी ने दोहा छंद में:---
'बैल खड़े हैं खेत में, रोता रहा किसान । हरियाली को काट के पछताए इंसान ।।'
दोहा पढ़कर तालियां बटोरीं ।
मुकेश कुमार मिश्र ने:/----
' जो चाहते हो राम राज लाना उठो
आज ही राम का रूप धारो ।'
पढ़कर आज के सामजिक परिवेश में एक महत्वपूर्ण आवश्यकता को स्वर दिया ।
परमहंस मिश्र 'प्रचंड' जी ने
'अभी भंग कितनी घुलेगी,
पूछती टूटकर चूड़ियाँ ।'
पंक्तियाँ पढ़कर खूब तालियाँ बटोरीं ।
मन्जुल मन्ज़र लखनवी जी ने
'चाह मरती ही नहीं जिस्म ये मर जायेगा ।
प्राण खुशबू है हवाओ में बिखर जायेगा ।'
गीतिका को अपनी जादुई आवाज में सुनाकर शमा बाँध दिया और भरपूर तालियां बटोरीं ।
गौरव पांडे रूद्र ने
'साये मायूसी चारों तरफ ही,
आस का दीपक जलाओ तुम जरा ।'
सुनाकर खूब वाहवाही प्राप्त की ।
आलमबाग से पधारे मनमोहन सिंह भाटिया 'दर्द लखनवी' जी ने '
इक नज़र देख लो हम सँवर जायेंगे,
बिगड़े हालात सारे सुधर जायेंगे ।'
ग़ज़ल पढ़ी तो श्रोता झूम उठे और वाह वाह और तालियों से सदन गूँज उठा ।
विश्व विधायक साप्ताहिक समाचार पत्र के सम्पादक मृत्युंजय प्रसाद गुप्त जी ने
'अपनी सेवा है प्रकाश
करना जग सद्गुण फैले,
रंच मात्र भी रहे न रीता
समय जो अवगुण परखे ।'
पंक्तियों के माध्यम से जन मन को जाग्रत करने का प्रयास किया ।
डॉ. शर्मेश शर्मा जी ने '
सदा सौहार्द की संवेदनाएं लेके चलते हैं ।
प्रफुल्लित हों सभी ऐसी फिजायें लेके चलते हैं ।'
जैसी उत्कृष्ट मंचीय व साहित्यिक रचनाओं के माध्यम से श्रोताओं को भरपूर रसपान कराया ।
राजेंद्र द्विवेदी जी ने
'इकरार पा गया हूँ इंकार करते-करते ।
मैं मैं नहीं रहा हूँ दीदार करते करते ।'
रचना सुनाई ।
लखनऊ के जाने माने हास्य कवि चेतराम अज्ञानी जी ने '
आपन चाहति हौ गान अगर,
करौ सिखव सम्मान ।
दुस्मनहु का द्वार पर,
करौ न तुम अपमान ।'
जैसी व्यंगात्मक व प्रेरणाप्रद रचनाएँ सुनाकर श्रोताओं को ठहाके लगाने व चिंतन करने हेतु विवश कर दिया ।
आभा चंद्रा जी ने '
ये जो दुनिया है दायिमी कम है,
गम बहोत है ख़ुशी कम है ।'
सुनाकर जीवन का दार्शनिक स्वरूप प्रस्तुत किया ।
भैरोनाथ पांडेय ने
' छेड़कर कल्पनाओं में तुमको,
मन ही मन खुश हो रहे हैं ।'
जैसी श्रृंगार रस से सराबोर रचनाएँ सुनकर खूब तालियां बटोरीं ।
विपिन मलीहाबादी जी ने
'वे प्यार देखो कर रहे हैं गुठली मार के,
कैसे वफ़ा निभा रहे हैं गुठली मार के ।'
अपने ही अनोखे अंदाज में सुनाकर सभी को अपना मुरीद बना लिया ।
नीरज द्विवेदी ने '
गलत पिता को ही करे, साबित पुत्र महान ।
मन मसोसता है पिता, दोष स्वयं का मान ।।'
दोहे के माध्यम से आज की पीढ़ी पर जमकर तीखे व्यंग किये ।
सुरेखा अग्रवाल जी ने '
कितनी लफ्जों में सिमटती ये औरतें....
आबो हवा का असर यूँ हुआ .....'
जैसी पंक्तियों से न सिर्फ राजनीति पर जमकर प्रहार किए साथ ही आज की नारी की व्यथा को भी सबके सामने रखा और खूब सराहना बटोरी ।
महेश अष्ठाना जी ने
'राजनीति ने बेड़ा गर्त कर दिया यारों,
बाप बाप न रहा बेटा बाप हुआ यारों ।'
पंक्तियों के माध्यम से वर्तमान उत्तर प्रदेश की राजनीति पर तीखे व्यंग किये और सराहना प्राप्त की ।
सीमा मधुरिमा जी ने
' तुमने पूछा मैं कौन हूँ...
तो सुनो मैं हूँ तथाकथित नारी शक्ति...'
जैसी पंक्तियों से इस पुरुष प्रधान समाज को मुंहतोड़ जवाब देते हुए उन्हें सोंचने पर विवश कर दिया ।
आज कवि योगेश चौहान ने
'वीर गति से पूर्व कहा होगा दुश्मन को भून दिया,
पत्नी को सिंदूर दिया माता को हमने खून दिया ।'
पंक्तियों में ओजपूर्ण काव्य पाठ प्रस्तुत किया ।
प्रतापगढ़ से आये आशुतोष 'आशु' जी ने
'खेत खलिहान हो या ढाबा व दुकान कोई,
करने में काम तन काला फिर हो गया ।'
सुनाकर कर्म का सन्देश देते हुए खून तालियाँ बटोरीं ।
कार्यक्रम के संयोजक व संचालक राहुल द्विवेदी 'स्मित' ने '
जिन आँखों में बंजर दुनिया,
उनकी खातिर पत्थर दुनिया ।'
पंक्तियों को प्रवाह देते हुए गीत के माध्यम से मानवीय सम्वेदनाओं का दार्शनिक स्वरूप प्रस्तुत किया ।
अंत में कविता लोक व काव्यशाला के संरक्षक ओम नीरव जी ने सभी रचनाकारों द्वारा प्रस्तुत रचनाओं की छंद व काव्य के तत्वों के आधार पर संक्षिप्त समीक्षा की व छंद व काव्य की बारीकियों से सभी को अवगत कराया ।
कवितालोक
दिनांक:--- 17/01/2017
बुधवार, 4 मई 2016
छंद व उर्दू बहरों का विस्तृत शोध- गीतिकालोक
संकलन-गीतिकालोक कृतिकार-ओम नीरव
पृष्ठ-280 (पेपरबैक) मूल्य-300₹
Rahul Dwivedi Smit
********************************************************
सुल्तानपुर उ.प्र. में 07 अप्रैल 2016 को हुए कवितालोक सर्द्धशतकीय महाकुम्भ एवं अखिल भारतीय गीतिका समारोह की स्मृतियाँ अब भी मस्तिष्क में जीवंत हैं ।
सुल्तानपुर कवि सम्मेलन व गीतिका समारोह का सफल आयोजन Awanish Tripathi जी के अथक प्रयासों,लगन, निष्ठा व समर्पण का गवाह रहा ।
जिसमें कवितालोक के साझा संकलन 'गीतिकालोक' का विमोचन हुआ । जिसका सम्पादन व लेखन कविता लोक के संस्थापक संरक्षक एवं प्रबन्धक गुरु परम आदरणीय Om Neerav जी ने किया है । पुस्तक में कई श्रेष्ठ रचनाकारों की गीतिका व मुक्तको का संकलन है । यह कोई विशेष तो नहीं आज कल हर महीने साझा संकलन निकल रहे हैं । तो विशिष्ट क्या है??????
यह जानने के लिए सुल्तानपुर में जब पुस्तक खोल कर देखा तो आश्चर्य व गर्व से अभिभूत हो उठा । पुस्तक में मात्र आनंद हेतु कविता रूपी व्यंजन ही नहीं परोसे गये अपितु उन व्यंजनों को बनाने की विधि का भी वर्णन बहुत श्रेष्ठतम रूप में किया गया है । वहां व्यस्तता ने अधिक पढ़ने का अवसर न दिया । किन्तु घर आकर जब उसका अध्ययन किया तो लगा जैसे पुस्तक के रूप में कोई खजाना सा हाथ लग गया हो ।
हम सभी गजल तो जानते हैं और छंदों से भी कम या ज्यादा परिचित होंगे किन्तु आपको यह जानकार आश्चर्य होगा कि उर्दू की कई बहरें हिंदी छंदों पर सटीक बैठती हैं और बहरों से आगे भी आ जाएँ क्यों कि बहर तो सीमित हैं तो कई हिंदी छंदों की लय इतनी प्यारी और सुलभ है जिनपर हम अनुपम हिंदी गजलों का निर्माण कर सकते हैं ।
पुस्तक में एक एक बहर को दर्शाया गया है और यह भी बताया गया है कि अमुक बहर किस छंद पर आधारित है अर्थात हम किस बहर पर लिखें तो कौन सा छंद बन जाएगा और किस छंद की लय में लिखें तो कौन सी बहर बन जायेगी । साथ ही साथ कई अन्य छंदों व उनकी लय का भी उल्लेख है जो किसी उर्दू बहर को उल्लेखित तो नहीं करतीं मगर यदि उनकी लय पर लिखें तो अनुपम हिंदी गजलों का सृजन किया जा सकता है ।साथ ही पुस्तक में जिन भी गितिकाओं को स्थान दिया गया है उनका शिल्प भी नीचे दिया है कि उनका आधार छंद कौन सा है व मापनी क्या है ।
अब बात यह है कि हिंदी गजल हुई तो गजल ही अतः इसे सीमित बहर से भिन्न किसी अन्य पैमाने पर सृजित नहीं किया जा सकता तो इसका भी उपाय नीरव जी ने कब का कर लिया था हिंदी गजल जैसे इस स्वरूप को गीतिका का नाम देकर । गीतिका पर विवाद भी कम न हुए क्यों कि जब कुछ नया होता है आसानी से पचता थोड़े है तो उन सभी प्रश्नों व विवादों का व्यावहारिक मनोवैज्ञानिक तार्किक हल इस गीतिका लोक पुस्तक में सभी पाठकों को आसानी से मिल जाएगा ।
अब काम की बात 😊
इस साझा संकलन में मुझ अल्पज्ञ कलमकार की भी 2 गीतिका व एक मुक्तक को स्थान दिया गया है । सच मानिए ऐसी ऐतिहासिक पुस्तक का अंग बनकर स्वयं को गौरवान्वित अनुभव कर रहा हूँ व् सत-सत वन्दन भी प्रेषित करता हूँ गुरु नीरव जी को जिन्होंने नवोदितों के लिए इस अनुपम अद्वितीय पुस्तक का सम्पादन व लेखन किया तथा अपने छंद व उर्दू बहरों के विस्तृत शोध को इसमें सम्मिलित कर पुस्तक को गागर में सागर का स्वरूप दे डाला और हाँ मुझे भी इस अविस्मरणीय उपलब्धि में हिस्सा दिया इसके लिए भी हृदय की गहराई से आभार व सादर वन्दन ।
राहुल द्विवेदी स्मित, इटौंजा,लखनऊ
सोमवार, 25 अप्रैल 2016
'गीतिकालोक'-- छन्द व उर्दू बहरों का विस्तृत शोध
Rahul Dwivedi Smit , Lucknow
पुस्तक 'गीतिकालोक' जब प्राप्त हुई तो उस समय मन में पुस्तक को लेकर कई प्रकार की परिकल्पनाएं जीवंत थीं । पुस्तक का सम्पादन व लेखन कवितालोक ऑनलाइन महाविद्यालय के संस्थापक एवं संरक्षक गुरु परम आदरणीय Om Neerav जी ने किया है ।
पुस्तक में कई श्रेष्ठ रचनाकारों की गीतिका व मुक्तको का संकलन है । यह कोई विशेष तो नहीं आज कल हर महीने साझा संकलन निकल रहे हैं । तो विशिष्ट क्या है?
यह जानने के लिए जब पुस्तक खोल कर देखा तो आश्चर्य व गर्व से अभिभूत हो उठा । पुस्तक में मात्र आनंद हेतु कविता रूपी व्यंजन ही नहीं परोसे गये अपितु उन व्यंजनों को बनाने की विधि का भी वर्णन बहुत श्रेष्ठतम रूप में किया गया है । पुस्तक को जैसे-जैसे आगे पढ़ा तो लगा जैसे पुस्तक के रूप में कोई खजाना सा हाथ लग गया हो ।हम सभी गजल तो जानते हैं और छंदों से भी कम या ज्यादा परिचित होंगे किन्तु आपको यह जानकार आश्चर्य होगा कि उर्दू की कई बहरें हिंदी छंदों पर सटीक बैठती हैं और बहरों से आगे भी आ जाएँ क्यों कि बहर तो सीमित हैं तो कई हिंदी छंदों की लय इतनी प्यारी और सुलभ है जिनपर हम अनुपम हिंदी गजलों का निर्माण कर सकते हैं ।
पुस्तक में एक एक बहर को दर्शाया गया है और यह भी बताया गया है कि अमुक बहर किस छंद पर आधारित है अर्थात हम किस बहर पर लिखें तो कौन सा छंद बन जाएगा और किस छंद की लय में लिखें तो कौन सी बहर बन जायेगी । साथ ही साथ कई अन्य छंदों व उनकी लय का भी उल्लेख है जो किसी उर्दू बहर को उल्लेखित तो नहीं करतीं मगर यदि उनकी लय पर लिखें तो अनुपम हिंदी गजलों का सृजन किया जा सकता है ।
पुस्तक में मात्राभार/पदांत(रदीफ़) /समांत (काफिया)/ मुखड़ा(मतला) /मनका (मकता) आदि शब्दों व उनके प्रयोग सम्बन्धी व्याकरण की भी सुंदर व सरल शब्दों में व्याख्या उदाहरण सहित की गयी है । गीतिका/गजल लिखते समय कई प्रकार के दोष भी प्रायः युवा ध्यान में नही रखते पुस्तक में उन दोषों का भी उल्लेख किया गया है ताकि शुद्ध व श्रेष्ठ गीतिका सृजित की जा सकें ।साथ ही पुस्तक में जिन भी गीतिकाओं को स्थान दिया गया है उनका शिल्प भी नीचे दिया है कि उनका आधार छंद कौन सा है व मापनी क्या है ।
अब बात यह है कि हिंदी गजल हुई तो गजल ही अतः इसे सीमित बहर से भिन्न किसी अन्य पैमाने पर सृजित नहीं किया जा सकता तो इसका भी उपाय नीरव जी ने कब का कर लिया था हिंदी गजल जैसे इस स्वरूप को गीतिका का नाम देकर । गीतिका पर विवाद भी कम न हुए क्यों कि जब कुछ नया होता है आसानी से पचता थोड़े है तो उन सभी प्रश्नों व विवादों का व्यावहारिक मनोवैज्ञानिक तार्किक हल इस गीतिका लोक पुस्तक में सभी पाठकों को आसानी से मिल जाएगा ।
इस साझा संकलन में मुझ अल्पज्ञ कलमकार की भी 2 गीतिका व एक मुक्तक को स्थान दिया गया है । सच मानिए ऐसी ऐतिहासिक पुस्तक का अंग बनकर स्वयं को गौरवान्वित अनुभव कर रहा हूँ एवं सत-सत वन्दन भी प्रेषित करता हूँ गुरु नीरव जी को जिन्होंने नवोदितों के लिए इस अनुपम अद्वितीय पुस्तक का सम्पादन व लेखन किया तथा अपने छंद व उर्दू बहरों के विस्तृत शोध को इसमें सम्मिलित कर पुस्तक को गागर में सागर का स्वरूप दे डाला और हाँ मुझे भी इस अविस्मरणीय उपलब्धि में हिस्सा दिया इसके लिए भी हृदय की गहराई से आभार व सादर वन्दन।
समीक्षक:- राहुल द्विवेदी स्मित
लखनऊ,उ. प्र.