ओम नीरव

कवितालोक सृजन संस्थान लखनऊ लेबलों वाले संदेश दिखाए जा रहे हैं. सभी संदेश दिखाएं
कवितालोक सृजन संस्थान लखनऊ लेबलों वाले संदेश दिखाए जा रहे हैं. सभी संदेश दिखाएं

रविवार, 2 दिसंबर 2018

कवितालोक: पीरनगर सीतापुर में विराट कवि सम्मेलन एवं सम्मान समारोह

कवितालोक सृजन संस्थान लखनऊ के तत्वाधान में संस्था के संरक्षक छन्दाचार्य ओम नीरव की अध्यक्षता में एवम कवि सुनील त्रिपाठी के संयोजन में तृतीय विराट कवि सम्मेलन का आयोजन 31वें श्री शतचण्डी महायज्ञ के अवसर पर श्री साठिका देवी मंदिर परिसर ,पीरनगर, कमलापुर, सीतापुर में किया गया।

आयोजक श्री शतचण्डी सामाजिक सेवा समिति के प्रबन्धक अनिल त्रिपाठी थे।इस अवसर पर सीतापुर जनपद के वरेण्य ओज के कवि केदारनाथ शुक्ल जी के प्रबंध काव्य 'प्रताप' का लोकार्पण भी हुआ । पद्मकान्त शर्मा 'प्रभात' ने आये हुए अतिथियों को स्वागत अभिनंदन किया

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि क्षेत्रीय भाजपा विधायक महेंद्र प्रताप सिंह यादव 

व विशिष्ट अतिथियों में सुरेश तिवारी प्रधानाचार्य रा०ब०सू०ब०सि०इंटर कालेज कमलापुर, रमेश चंद्र पांडेय पू०प्रधानाचार्य बमहेरा, अवधेश कुमार अवस्थी पू०उपप्रधानाचार्य,चंद्र देव दीक्षित

अधिकारी पुलिस वायरलेस उ०प्र०, गिरीश चंद्र मिश्र क्षेत्रीय संगठन मंत्री ,संस्कार भारती उ०प्र०

प्रमुख थे।कार्यक्रम के संयोजक सुनील त्रिपाठी व आयोजक अनिल त्रिपाठी द्वारा मुख्य अतिथि विशिष्ट अतिथियों का माल्यार्पण कर स्वागत ,अंगवस्त्र और स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया गया। इसके उपरान्त त्रिपाठी बंधुओं द्वारा अपने पितामह की स्मृति में घोषित स्व०पं०मथुरा दत्त त्रिपाठी 'शास्त्री' स्मृति काव्य -कौस्तुभ 2018 सारस्वत सम्मान से वरेण्य कवि केदारनाथ शुक्ल को उनके खण्ड काव्य 'प्रताप' के लोकार्पण के अवसर पर सम्मानित किया गया। विशिष्ट अतिथि सुरेश तिवारी ने खण्ड काव्य 'प्रताप' पर बोलते हुए कहा कि यह खण्ड काव्य खण्ड काव्य हल्दीघाटी की याद दिलाता है ।विधायक महेंद्र यादव ने कहा कि हम सभी ने अपने बचपन में महाराणा प्रताप की शौर्य गाथाएं पढ़ी थी। आज की पीढ़ी को ऐसी पुस्तकें निश्चित तौर पर त्याग और बलिदान का संदेश देगीं कवि सम्मेलन में देश की विभिन्न हिस्सों से पधारे दो दर्जन कवियों को पं०चन्द्र दत्त त्रिपाठी स्मृति काव्य-भारती 2018 सारस्वत सम्मान व अंगवस्त्रम से मुख्य अतिथि विधायक महेंद्र प्रताप सिंह यादव व कवितालोक के संरक्षक आचार्य ओम नीरव ने सम्मानित किया ।अंत में श्री शतचण्डी सेवा समिति द्वारा समारोह के अध्यक्ष ओम नीरव ,व संयोजक सुनील त्रिपाठी को सम्मानित किया गया सम्मान समारोह का संचालन कवि उमाकान्त पांडे ने किया।समारोह के द्वितीय सत्र में सभी कवियों ने देश के जाने माने आशु कवि कमलेश मौर्य मृदु के संचालन में देर रात 3 बजे तक काव्य पाठ किया। कवि सम्मेलन का प्रारंभ कवयित्री सोनी मिश्रा की सुमधुर वाणी वंदना से हुआ।


गीतिकाकार मनोज मानव बिजनौर ने किसानों को शंकर की तरह लोक कल्याणकारी कहा तो ग्रामीण श्रोता भाव विभोर हो गए ,

जगत भलाई की खातिर जो, करते हैं विषपान सदा,

इस धरती पर कृषक रूप में , मैंने शंकर देखे हैं।


ग़ज़लकार डॉ॰ शोभा दीक्षित 'भावना'लखनऊ ने भी अपनी ग़ज़लों से खूब वआआह वाही लूटी

,

संयोजक सुनील त्रिपाठी ने अपने काव्यपाठ में बताया कि कविता किन परिस्थितियों में जन्म लेती,

उमढ़ता जब हृदय में ज्वार, कविता जन्म लेती है।

बढ़े जब जुल्म अत्याचार, कविता जन्म लेती है।

कराकर बन्द घाटी में, किसी बुरहान की बरसी,

मनाएं देश के गद्दार, कविता जन्म लेती है।

ग़ज़लकार शायर मंजुल मिश्र मंज़र लखनऊ ने जब अपना कलाम कुछ यूँ पढ़ा तो श्रोता वाह वाह कर उठे,

ज़माने भर के ग़म काफ़ूर हो जाते हैं इक पल में,

लपककर गोद में बेटी को जैसे ही उठाता हूँ।

संजीव मिश्र पीलीभीत को भी अपने इस गीत पर भरपूर वाहवाही मिली, 

"पूरा प्रेम किया मैंने फिर,

क्यों पूरा अधिकार नहीं।

हे मोहन फिर से मुझको,

राधा बनना स्वीकार नहीं।।"

गीतकार धीरज श्रीवास्तव मनकापुर गोण्डा

के गीत,

बीत गया है एक महीना लिया न उसने हाल

बैठ रमलिया मार रही है झल्लर को मिसकाल

पर गांव के लोगों ने भरपूर स्नेह लुटाया

कवयित्री सोनी मिश्रा हरदोई ने नारियों की बात कुछ इस तरह उठायी,

घर घर में नारी सीता है नारी ही भगवद गीता है 

पर कहने वाले क्या जाने नारी पर क्या - क्या बीता है 

रवीन्द्र पांडेय निर्झर प्रतापगढ़ ने अपनी इन पंक्तियों माँ के पाँवों को जन्नत की संज्ञा दी

जानता हूँ कि जन्नत मिलेगी वहीं,

पाँव माँ के दबाता हूँ मैं आज भी।


डॉ शरमेश शर्मा बाराबंकी ने यह पढ़कर खूब तालियां बटोरीं

जमाना लाख दुश्मन हो हमारा कुछ न बिगड़ेगा।

हम अपने बाप मां गुरू की दुवाएँ लेके चलते हैं।


ओज कवि अशोक अग्निपथी काकोरी, का ओजपूर्ण काव्य पाठ जबरदस्त रहा

गीतकार संजय सांवरा बाराबंकी के इस मुक्तक को खूब सराहा गया।

अधरों से कोई जाम पिलाये तो क्या करें।

पानी ही स्वयं आग लगाये तो क्या करें।

नैनों के द्वार खोल कोई मन के नगर में,

आ जाये, फिर न लौट के जाये तो क्या करें।


हास्य कवि चेतराम अग्यानी की ये लाइनों ने लोगों को खूब हंसाया

बी - बी गर मीठी हवै , भौजी है नमकीन ।

सालिसि ज्यादा होति है , सरहज मा पोटीन ।।


राहुल द्विवेदी स्मित ने अपनी कलम की ताकत कुछ ऐसे बयान की।

एक कलम के बूते पर मैं, दुनिया रोज बदलता हूँ ।

ये मत सोचो कवि हूँ मैं तो बस कविता कर सकता हूँ ।।

ओज कवि उमाकान्त पांडेय,के ओजस्वी काव्यपाठ पर जनता ने खूब तालियां ठोंकी

गोप कुमार मिश्र जयपुर भी ये पंक्तियां 

बहुत सराही गयी

कृष्ण की बाँसुरी तो बजी रात दिन 

श्वाँस कब कर सकी ,प्रेम का अनुसरण।

अनिल बाँके ठहाका श्री ,हास्य कवि संदीप अनुरागी ,व्यंग्यकार अरुणेश मिश्र सीतापुर के हास्य और व्यंग्य बाणों से श्रोता घायल हुए बिना न रह सके , लोकगीतकार चंद्रगत कुमार भारती फैजाबाद ने अपने सुरीले कंठ का जादू ग्रामीण वातावरण में जमकर बिखेरा । अंत में अध्यक्ष ओम नीरव की इन पंक्तियों पर श्रोताओं जमकर तालियां बजायीं।

अग्रज संग सुनील ने ज्ञान की ज्योति प्रचंड अखंड जलाई।

नीरव ज्योति जलाई जो आज सदा जलती रहे साठिका माई।

कमलेश मौर्य 'मृदु' के जादुई संचालन ने श्रोताओं

आधी रात तक अपने स्थान से हिलने नहीं दिया।

अंत में संयोजक सुनील त्रिपाठी ने सभी का आभार प्रकट कर इस समारोह को विराम दिया। 

प्रस्तुति : सुनील त्रिपाठी

मंगलवार, 30 अक्टूबर 2018

डॉ0 अशोक पाण्डेय का एकल काव्यपाठ एवं सम्मान-कवितालोक

        ज्योति-पर्व के उपलक्ष्य में कवितालोक की अड़तीसवीं काव्यशाला का आयोजन मुख्य अतिथि प्रख्यात छंदकार अशोक कुमार पाण्डेय 'अशोक' जी के एकल काव्य-पाठ के रूप में डॉ अजय प्रसून जी की अध्यक्षता में किया गया । विशिष्ट अतिथि के रूप में शिव नाथ सिंह जी उपस्थित रहे। काव्यशाला का संयोजन एवं संचालन संस्थाध्यक्ष ओम नीरव ने किया। इस अवसर पर अशोक कुमार पाण्डेय 'अशोक' जी को उत्तरीय और सम्मान पत्र अर्पित कर 'कवितालोक भारती' सम्मान से विभूषित किया गया। इस एकल काव्य पाठ की विशेषता यह थी कि एकल कवि अशोक जी को कई चरणों में पढ़ने के लिए आमंत्रित किया गया और प्रत्येक बार उनके काव्यपाठ के सम्मान में एक कवि ने अपना काव्यपाठ प्रस्तुत किया। प्रारम्भ शिव नाथ सिंह जी कि वाणी वंदना से हुआ। काव्यशाला के मुख्य अतिथि एवं एकल कवि अशोक कुमार पाण्डेय 'अशोक' के काव्यपाठ के अंतर्गत उन्होंने भिन्न विषयों, रसों और संदर्भों से अपनी काव्य साधना के विविध आयाम प्रस्तुत किये जिसके काव्य सौन्दर्य पर विस्तार से चर्चा हुई। दीपमालिका के अनेक मनमोहक बिम्ब अपने प्रवहमान मनहर घनाक्षरी छंदों में प्रस्तुत करते हुए उन्होंने एक बिम्ब कुछ इसप्रकार उकेरा-
दुख कर्ष दिया सुख मानस को शुचि सत्या की हर्ष की पालिका को,
हर गेह के कंठ में डाल दी दीपक-मालिका दीपक मालिका ने।
विरोधाभास अलंकार की योजना से श्रोताओं को चमत्कृत करते हुए अशोक जी ने सुनाया-
रात कर देते अन्य कामिनी के केश किन्तु,
तेरे कल कुंतल प्रभात कर देते हैं।
अपह्नुति अलंकार का उदाहरण उनके उषा पर रचित छंदों में विपुलता से देखने को मिला। एक झलक-
बालारुण शोभित नहीं है भाल चन्दन है,
प्रात में उषा नहीं तपस्विनी खड़ी हुई।
श्रोताओं की जिज्ञासा पर अशोक जी ने बताया कि जब उपमेय को नकारते हुए उसके स्थान पर उपमान को स्वीकारा जाता है तो अपह्नुति अलंकार होता है जैसे यहाँ पर उपमेय बालारुण और उषा को नकारते हुए उनके स्थान पर उपमान क्रमशः चन्दन और उषा को स्वीकारा गया है।
इसीप्रकार व्याख्या के साथ प्रतीप अलंकार का उदाहरण अशोक जी ने प्रस्तुत किया-
कौन दिगरानी निज मंदिर के द्वार खड़ी,
आनन मयंक निशा सुंदरी का फीका है।
अलंकार चर्चा में भ्रांतिमान अलंकार का परिचय देते हुए अशोक जी ने बताया कि जब उपमेय में उपमान की भ्रांति हो जाती है तो यह अलंकार होता है और समर्थन में यह उदाहरण प्रस्तुत किया-
अरुण अनूप जग विदित पदों को जान,
चंचरीक पंक्ति पंकाजों से बिंध जाती है।
इसीप्रकार अशोक जी के क्रमिक एकल काव्य पाठ में उनके द्वारा प्रस्तुत छंदों के काव्य सौन्दर्य की सराहना करते हुए मानवीकरण, प्रतीक विधान, बिम्ब योजना आदि काव्य तत्वों में रोचक चर्चा होती रही।
समानान्तर काव्यपाठ के अंतर्गत युवा कवि कृष्ण कुमार मिश्र 'अशांत' जी ने दीपावली की सार्थकता पर प्रश्न चिह्न लगाते हुए कहा-
दीवाली के दीपों से हैं रोशन हर कोना-कोना,
दिल को जलाकर भी हम रोशन कर न सके मन का कोना।
राहुल द्विवेदी स्मित जी की रचना ने श्रोताओं को भाव-विह्वल कर दिया-
सिसकियों से भारी हैं कई वादियाँ, फूल कलियों से आगे खिले ही नहीं,
साथ आप उन्हें है जरूरत बहुत, जो उजालों से अबतक मिले ही नहीं।
माधवी मिश्रा जी ने ज्योतिपर्व पर शक्ति का आह्वान किया-
ज्योति पुंज को इतना ढालो,
सारा जग रोशन कर डालो,
तुम ही हो विस्तार गगन के,
उठो और भुजदंड सँभालो।
गौरीशंकर वैश्य विनम्र जी ने दीप पर्व का संदेश कुछ इसप्रकार दिया-
ज्योतिपर्व की सीख है, चलो प्रकृति के साथ,
स्वच्छ स्वस्थ वातावरण, रखना अपने हाथ।
उमाकान्त पाण्डेय जी ने देश का ध्यान सीमा पर डेट जवानों कि ओर आकृष्ट किया-
उनके खातिर दीप जलाना,
खड़े हुए हैं जो सीमा पर, दीवाली में घर ना आए।
जिनके पौरुष से सीमा पर दुश्मन प्रतिदिन मुंह की खाये,
मातृभूमि की सेवा में जो रात-रात भर सो ना पाये।
भारती पायल जी ने स्नेह का दीपक जलाने की बात कुछ इसप्रकार रखी-
दीप माती का जलायें तेल कितना भी भरें,
वह बुझेगा ही कभी हम यत्न चाहे जो करें,
इसलिए आओ जलायें नेह का उर में दिया,
ज्योति से उसकी हृदय के बीच फैला तं हरें।
ओम नीरव ने सुनाया-
रोशनी में जिसे ढूँढता उम्र भर मैं भटकता रहा,
मेरे उसके मिलन में मगर बस उजाला अटकता रहा,
तम में प्रियतम हुआ वह मुखर,
मन मेरे तू न जाना उधर, रोशनी की किरण हो जिधर।
अध्यक्षीय काव्य पाठ में डॉ अजय प्रसून जी ने दीप पर्व पर शुभ संदेश देते हुए कहा-
धरती पर जलते रहें, मानवता के दीप,
आ जाएँगे और हम पावन प्रीति समीप।
संचालक ओम नीरव ने उनकी काव्य साधना का अभिनंदन करते हुए कहा कि अशोक जी के छंदों से काव्य साधकों को बहुत कुछ सीखने की आवश्यकता है।

मंगलवार, 26 दिसंबर 2017

नवगीतकार मधुकर अस्थाना को कवितालोक द्वारा 'नवगीत शिरोमणि' सम्मान से किया गया सम्मानित

कवितालोक की 22 वीं काव्यशाला  छन्दाचार्य ओम नीरव जी के निवास पर प्रख्यात गीतकार मधुकर अष्ठाना जी की अध्यक्षता में सम्पन्न हुई। मुख्य अतिथि के रूप में डॉ शिव भजन कमलेश जी और विशिष्ट अतिथि के रूप में कुमार तरल जी और सुनील कुमार वाजपेयी जी उपस्थित रहे। काव्यशाला का संयोजन और संचालन आपके अपने ओम नीरव ने किया। इस अवसर पर उत्तरप्रदेश हिन्दी संस्थान द्वारा साहित्य भूषण से सम्मानित नवगीतकार मधुकर अष्ठाना जी का अभिनंदन किया गया और उन्हें कवितालोक की ओर से उत्तरीय और सम्मान पत्र भेंट कर 'नवगीत शिरोमणि' सम्मान से विभूषित किया गया। काव्यपाठ का प्रारम्भ कुमार तरल जी की वाणी वंदना से हुआ जिसे आगे बढ़ाते हुए बाराबंकी से पधारे सुरभि सौरभ ने इन पंक्तियों पर श्रोताओं की सराहना प्राप्त की- 
उसके लिए मैंने सबसे बैर कर लिया, 
न जाने कैसे उसने मुझे गैर कह दिया। 
लक्ष्मी शुक्ला जी बेरियों के गौरव को इस शब्दों में व्यक्त किया- 
बेटी घर की है खुशी, बेटी घर का मान, 
बेटी ईश्वर का दिया, प्यारा-सा वरदान। 
छंदकार मनोज शुक्ल मनुज जी समाज की विसंगति पर कटाक्ष करते हुए सुनाया तो श्रोता वाह-वाह कर उठे- 
दिखने और होने का अंतर अनुदिन बहुत बड़ा लगता है, 
यह समाज का तानाबाना भीतर बहुत सड़ा लगता है। 
सोनी मिश्रा जी की इन पंक्तियों को सराहा गया- 
नहीं दीवार वो रह जाती है मजबूत वहाँ, 
जहां दीवार का आधार बदल जाता है। 
गोबर गणेश जी ने अपनी व्यंग्य-प्रधान रचनाओं से श्रीताओं को वाह-वाह करने पर विवश कर दिया- 
बेटियों को संसार में मत आने दीजिए, 
लोग थूकेंगे तो थूकने दीजिए, 
क्योंकि थूकना हमारी संस्कृति है। 
शोभा दीक्षित भावना जी ने अपने मुक्तकों और ग़ज़ल से श्रोताओं को मुग्ध कर दिया। उनकी पंक्तियाँ - 
ग़ज़ल की तर्जुमानी और भी है, 
कहानी में कहानी और भी है। 
प्रख्यात कार्टूनिस्ट और समर्थ कवि हरिमोहन वाजपेयी माधव जी ने छुअन  पर अपनी विशेष रचना सुनाकर श्रोताओं का दिल जीत लिया- 
एक छुअन  हर्षित मन का कोना-कोना कर देती है, 
एक छुअन पारस लोहे का तन सोना कर देती है। 
माधवी मिश्रा जी ने अपना सामाजिक चिंतन कुछ इसप्रकार प्रस्तुत किया- 
बीच राह इतिहास खड़ा, बन गया हाशिया बंजारा, 
जन-जन के रोटी कपड़े पर, समतावाद गया मारा। 
कुमार तरल जी ने अवधि में बारहमासा सुनाकर श्रोताओं को रससिक्त कर दिया- 
जियरा कब से बा पियासा, हमहूँ लिखी बारह मासा, 
प्यारी अवधि हिन्दी भाषा, माँ बनी ई रचना। 
सुनील कुमार वाजपेयी जी के गीत का श्रोताओं ने भरपूर तालियों से स्वागत किया- 
इतना व्यतिक्रम आज अगर है, कैसा होगा कल, 
प्रश्न कई मानस में मेरे, ढूंढ रहा हूँ हल। 
शिवभजन कमलेश जी की समृद्ध लेखनी से प्रसूत गीत सुनकर सभी श्रोता भाव विभोर हो गए-
संघर्षों में प्राण घिरे हैं, मन चिंताओं बीच अकेला, 
ओ जीवन को देने वाले, बचपन को क्यों दूर धकेला। 
अध्यक्षीय उद्बोधन में नवगीत-विधा का परिचय देते हुए ख्यातिलब्ध नवगीतकार मधुकर अष्ठाना जी ने अपने नवगीतों से श्रोताओं को मंत्रमुग्ध कर दिया- 
सभ्य हो नग्न वातावरण हो गया, 
नेह सद्भाव का अपहरण हो गया, 
इस तरह की प्रगति है मेरे देश की, 
लड़खड़ाता चरण आचरण हो गया। 
इस अवसर पर कुमार तरल जी ने अपना गीत-संग्रह 'छोड़उ अब नंगा बहुत किह्यो' ओम नीरव को भेंट की।

शुक्रवार, 1 सितंबर 2017

कवितालोक सृजन संस्थान लखनऊ की अष्टम काव्यशाला महोना लखनऊ

        कवितालोक सृजन संस्थान के तत्वावधान में अष्टम काव्यशाला का आयोजन चन्द्र वाटिका शिक्षा निकेतन, महोना, इटौंजा, लखनऊ में व्यवस्थापक डॉ. चन्द्र कुमार मिश्र के सौजन्य से कवितालोक अध्यक्ष ओम नीरव के संरक्षण में किया गया। आयोजन की अध्यक्षता अनागत कविता के प्रवर्तक डॉ. अजय प्रसून ने की तथा संयोजन और संचालन युवा कवि राहुल द्विवेदी स्मित ने किया। मुख्य अतिथि के रूप में डॉ० शिव मंगल सिंह 'मंगल' और विशिष्ट अतिथि के रूप में कविवर कुमार तरल उपस्थित रहे।  इस अवसर कवितालोक सृजन संस्थान के अध्यक्ष ओम नीरव द्वारा डॉ. शिवमंगल सिंह 'मंगल' को 'कविता लोक रत्न' और डॉ० सर्मेश शर्मा व राजाभैया गुप्ता 'राजाभ' को 'गीतिका रत्न' सारस्वत सम्मान से सम्मानित किया गया।
      काव्यशाला का प्रारम्भ गौरी शंकर वैश्य 'विनम्र' की सुमधुर वाणी वंदना से हुआ। इस अवसर पर अनेक कवियों ने छंद, मुक्तक, गीत, गीतिका, ग़ज़ल, व्यंग्य आदि के द्वारा श्रोताओं को मुग्ध कर दिया। साथ ही विद्यालय के बच्चों ने अपनी जिज्ञासु प्रवृत्ति के आधार पर मंचासीन अतिथि व विशेषज्ञों से साहित्य व कविता के सन्दर्भ में अपने प्रश्न पूछे और उनका संतुष्टि पूर्ण उत्तर प्राप्त किया ।
काव्यपाठ करने वाले कवियों में डॉ० अजय प्रसून जी ने जीवन दर्शन को अपने गीत में कुछ यों उकेरा-
'पायलों से गीत अग्नि झील से दिखे, कौन जलतरंग धूप चांदनी लिखे? प्यास की गली गली उजाड़ हो चली, चार दिन की जिंदगी पहाड़ हो चली ।'
शिव मंगल सिंह मंगल जी ने आधुनिक परिवेश में एक कवि की वेदना को स्वर दिए- 'भाषा जाति क्षेत्र के झगड़े, जगह-जगह पर ठने हुए हैं । गीत प्यार के कैसे गाऊँ, हाथ खून से सने हुए हैं ।'
कुमार तरल ने वर्तमान परिस्थितियों पर व्यंग कसते हुए कहा- 'आशाराम रामपालौ सँग तुहूँ बिछाओ खाट । राधे माँ जल्दी अइहैं तीनिउ मिलि जोहउ बाट । सबै पुरिखा तरि जइहैं ।।'
हास्य कवि चेतराम अज्ञानी ने ठेठ अवधी कविता से श्रोताओं को ठहाके लगाने पर विवश कर दिया-
'समझि न पायेन नाम ते, आम आय की नीम । हिन्दू है या मुसलमाँ, बाबा राम रहीम ।।'
सुनील त्रिपाठी ने वर्तमान मानवीय स्वभाव को कुछ यों अभिव्यक्त किया- 'हीन है जो कर्म से कर्तव्य से लाचार है । मांगता वह आदमी भी आजकल अधिकार है ।।'
मिज़ाज लखनवी ने  तरन्नुम में पढ़ते हुए इस ग़ज़ल से खूब वाहवाही लूटी-
'खुद को ही वो तबाह कर लेंगे । गर अदावत की चाह कर लेंगे ।'
कार्यक्रम के संयोजक एवं संचालक राहुल द्विवेदी स्मित ने गीत के माध्यम से एक कवि के व्यक्तित्व को स्वर देते  हुए कहा- 
'एक कलम के बूते पर मैं दुनिया रोज बदलता हूँ ।
ये मत सोंचो कवि हूँ तो मैं बस कविता कर सकता हूँ ।।'
सुन्दर लाल सुन्दर ने अपने सधे हुए स्वर में जब सुनाया-
'दिखाता पाक जब आंखें तो मैं अंगार लिखता हूँ ।' तो वाह वाह से सदन गूँज उठा।
मनु बाजपेई बौछार ने आत्मविश्वास की शक्ति को स्वर देते हुए कहा- 'जिन्दगी के इस हवन में हव्य खुद बन जाऊंगा ।'
युवा कवियत्री शिवांगी दीक्षित ने देश के सहीदों को याद करते हुए कहा- 'याद करो उन वीरों को जिनके हम हैं आभारी ।' और श्रोताओं की भरपूर सराहना प्राप्त ही।
डॉ० सर्मेश शर्मा ने अपने ही अंदाज में काव्यपाठ कर श्रोताओं को झूमने पर विवश कर दिया- 'जमाना लाख दुश्मन हो हमारा कुछ न बिगड़ेगा, हम अपने बाप, माँ गुरु की दुआएं लेके चलते हैं ।'
दिनेश सोनी ने 'एक डाल पर बैठे पर अहसान नहीं है डाल का' जैसी पंक्तियाँ पढ़कर खूब वाहवाही बटोरी ।
गौरव पांडे रुद्र ने ग़ज़ल में कुछ यों अंदाज में कहा- 'इस अकीदत से तू पिला साकी, मैं रहूँ, मैं न अब किसी हद तक ।'
युवा ओज कवि अखिल तिवारी 'समग्र' ने शब्दों के तीखे तीर छोड़ते हुए सम्पूर्ण देश का आह्वान किया- 'तलवार उठाओ गर्दन काटो, गद्दारों का अंत करो ।'
सचिन मेहरोत्रा ने 'प्यार की डोर से बंध जाते हैं, इक जरा जोर से बंध जाते हैं ' ग़ज़ल पढ़कर खूब तालियाँ बटोरीं ।
सम्पत्ति कुमार मिश्र ' भृमर बैसवारी' ने 'पात्र श्रद्धा के हुए भाग, कहो क्या होगा' जैसी पंक्तियाँ पढ़कर सभी की सराहना प्राप्त की ।
मनमोहन बराकोटी 'तमाचा लखनवी' ने कुछ यों अपनी भावनाओं को स्वर दिए- 'भरा न हो जिसमें जोश वो रवानी कैसी..? मिले न जिससे ज्ञान वो कहानी कैसी ?'
काव्य पाठ करने वाले अन्य कवियों में सबिहा परवीन, गौरी शंकर वैश्य 'विनम्र', राजा भैया गुप्ता 'राजाभ', योगेश चौहान, आशुतोष आशु प्रमुख रहे ।
अंत में कवितालोक के संरक्षक आचार्य ओम् नीरव ने काव्यशाला में पधारे सभीअतिथियों का आभार व्यक्त कर कार्यक्रम का समापन किया।

रिपोर्ट-राहुल द्विवेदी स्मित

मंगलवार, 17 जनवरी 2017

महोना में कवितालोक सृजन संस्थान लखनऊ की काव्यशाला का सफल आयोजन

       कवितालोक सृजन संस्थान के तत्वावधान में एक काव्यशाला का आयोजन महोना के चन्द्र वाटिका शिक्षा निकेतन में व्यवस्थापक डॉ० सी.के. मिश्र जी के सौजन्य से किया गया। आयोजन की अध्यक्षता नरेंद्र भूषण जी ने की तथा संयोजन और संचालन युवा कवि राहुल द्विवेदी स्मित ने किया। मुख्य अतिथि के रूप में डॉ अजय प्रसून जी और विशिष्ट अतिथि के रूप में श्री केदार नाथ शुक्ल जी व श्री श्याम फतनपुरी जी उपस्थित रहे। 

         काव्यशाला का प्रारम्भ मंजुल मंज़र लखनवी जी की सुमधुर वाणी वंदना से हुआ । इस अवसर पर अनेक कवियों ने छंद, मुक्तक, गीत, गीतिका, ग़ज़ल, व्यंग्य आदि के द्वारा श्रोताओं को मंत्रमुग्ध कर लिया । कार्यक्रम का महत्व तब और बढ़ गया जब विद्यालय के बच्चों ने अपनी जिज्ञासु प्रवृत्ति के आधार पर मंचासीन अतिथि व विशेषज्ञों से साहित्य व कविता के सन्दर्भ में अपने प्रश्न पूछे और उनका संतुष्टि पूर्ण उत्तर प्राप्त किया । प्रश्न पूछने वाले बच्चों में सूरज कुमार (कक्षा-१०), आकृति मौर्या (कक्षा-९), बुशरा फातिमा (कक्षा-९) आदि प्रमुख रहे ।
           कार्यक्रम में कवितालोक सृजन संस्थान के संरक्षक ओम नीरव जी ने 'विश्व विधायक' साप्ताहिक समाचार पत्र के सम्पादक व कवि श्री मृत्युंजय प्रसाद गुप्त जी को 'कविता लोक रत्न' सारस्वत सम्मान से सम्मानित किया ।
          इस अवसर पर अध्यक्षीय काव्यपाठ करते हुए नरेंद्र भूषण जी ने:----
' है अधिक ऊँचा नहीं ये आसमाँ,
सिर जरा ऊँचा उठाकर देखिये ।
आईने में खुद दिखेंगे अजनबी,
आप यदि आँखें मिलाकर देखिये ।।'
सुनाकर कार्यक्रम को उत्कृष्टता प्रदान की ।
         कविता लोक के संरक्षक ओम नीरव जी ने:---
'ओ शमा, छंद हूँ मैं पतंगा नहीं,
ख्याति की ज्योति में मैं जलूँगा नहीं ।'
पंक्तियों में एक सच्चे कवि के हृदय की भावनाओं को स्वर दिए ।
         कार्यक्रम के मुख्य अतिथि व देश के प्रसिद्ध गीतकार डॉ. अजय प्रसून जी ने:---
'एक बून्द तो क्या ये,
मरु का सागर पचा रही है ।
मृगतृष्णा हमको दलदल में,
कब से नचा रही है ।'
सुनाकर श्रोताओं को झूमने पर विवश कर दिया ।
           सीतापुर से पधारे व मंचों के सशक्त हस्ताक्षर केदार नाथ शुक्ल जी ने:-----
'गांधी के तन पर भले अभी
दिखलाती एक लँगोटी है ।
पर उनके चेलों ने तिकड़म
से रकम पीट ली मोटी है । '
जैसी पंक्तियों से वर्तमान भ्रष्ट व्यवस्था पर जोरदार तमाचा जड़ा और जनमानस को सोंचने पर विवश किया ।
       श्याम फतनपुरी जी ने:---
'सारे तीरथ आ जाते हैं,
उन चरणों की सेवा में ।
माई- बाबू की सेवा में
चारो धाम हमारा हो ।'
सुनाकर सभी को भारतीय संस्कृति में संस्कारों की महत्ता का स्मरण करा दिया ।
       उमाकान्त पांडे जी ने:----
''हमारे देश की सरहद को
दुश्मन छू नहीं सकता,
तिरंगा हाथ में है दिल में
हिंदुस्तान जिन्दा है ।''
सुनाकर देश के हर नागरिक के देश के प्रति उद्गारों को आवाज दी ।
       शशि सौरभ जी ने दोहा छंद में:---
'बैल खड़े हैं खेत में, रोता रहा किसान । हरियाली को काट के पछताए इंसान ।।'
दोहा पढ़कर तालियां बटोरीं ।
        मुकेश कुमार मिश्र ने:/----
' जो चाहते हो राम राज लाना उठो
आज ही राम का रूप धारो ।'
पढ़कर आज के सामजिक परिवेश में एक महत्वपूर्ण आवश्यकता को स्वर दिया ।
       परमहंस मिश्र 'प्रचंड' जी ने
'अभी भंग कितनी घुलेगी,
पूछती टूटकर चूड़ियाँ ।'
पंक्तियाँ पढ़कर खूब तालियाँ बटोरीं ।
       मन्जुल मन्ज़र लखनवी जी ने
'चाह मरती ही नहीं जिस्म ये मर जायेगा ।
प्राण खुशबू है हवाओ में बिखर जायेगा ।'
गीतिका को अपनी जादुई आवाज में सुनाकर शमा बाँध दिया और भरपूर तालियां बटोरीं ।
         गौरव पांडे रूद्र ने
'साये मायूसी चारों तरफ ही,
आस का दीपक जलाओ तुम जरा ।'
सुनाकर खूब वाहवाही प्राप्त की ।
         आलमबाग से पधारे मनमोहन सिंह भाटिया 'दर्द लखनवी' जी ने '
इक नज़र देख लो हम सँवर जायेंगे,
बिगड़े हालात सारे सुधर जायेंगे ।'
ग़ज़ल पढ़ी तो श्रोता झूम उठे और वाह वाह और तालियों से सदन गूँज उठा ।
         विश्व विधायक साप्ताहिक समाचार पत्र के सम्पादक मृत्युंजय प्रसाद गुप्त जी ने
'अपनी सेवा है प्रकाश
करना जग सद्गुण फैले,
रंच मात्र भी रहे न रीता
समय जो अवगुण परखे ।'
पंक्तियों के माध्यम से जन मन को जाग्रत करने का प्रयास किया ।
       डॉ. शर्मेश शर्मा जी ने '
सदा सौहार्द की संवेदनाएं लेके चलते हैं ।
प्रफुल्लित हों सभी ऐसी फिजायें लेके चलते हैं ।'
जैसी उत्कृष्ट मंचीय व साहित्यिक रचनाओं के माध्यम से श्रोताओं को भरपूर रसपान कराया ।
       राजेंद्र द्विवेदी जी ने
'इकरार पा गया हूँ इंकार करते-करते ।
मैं मैं नहीं रहा हूँ दीदार करते करते ।'
रचना सुनाई ।
        लखनऊ के जाने माने हास्य कवि चेतराम अज्ञानी जी ने '
आपन चाहति हौ गान अगर,
करौ सिखव सम्मान ।
दुस्मनहु का द्वार पर,
करौ न तुम अपमान ।'
जैसी व्यंगात्मक व प्रेरणाप्रद रचनाएँ सुनाकर श्रोताओं को ठहाके लगाने व चिंतन करने हेतु विवश कर दिया ।
      आभा चंद्रा जी ने '
ये जो दुनिया है दायिमी कम है,
गम बहोत है ख़ुशी कम है ।'
सुनाकर जीवन का दार्शनिक स्वरूप प्रस्तुत किया ।
      भैरोनाथ पांडेय ने
' छेड़कर कल्पनाओं में तुमको,
मन ही मन खुश हो रहे हैं ।'
जैसी श्रृंगार रस से सराबोर रचनाएँ सुनकर खूब तालियां बटोरीं ।
       विपिन मलीहाबादी जी ने
'वे प्यार देखो कर रहे हैं गुठली मार के,
कैसे वफ़ा निभा रहे हैं गुठली मार के ।'
अपने ही अनोखे अंदाज में सुनाकर सभी को अपना मुरीद बना लिया ।
       नीरज द्विवेदी ने '
गलत पिता को ही करे, साबित पुत्र महान ।
मन मसोसता है पिता, दोष स्वयं का मान ।।'
दोहे के माध्यम से आज की पीढ़ी पर जमकर तीखे व्यंग किये ।
      सुरेखा अग्रवाल जी ने '
कितनी लफ्जों में सिमटती ये औरतें....
आबो हवा का असर यूँ हुआ .....'
जैसी पंक्तियों से न सिर्फ राजनीति पर जमकर प्रहार किए साथ ही आज की नारी की व्यथा को भी सबके सामने रखा और खूब सराहना बटोरी ।
      महेश अष्ठाना जी ने
'राजनीति ने बेड़ा गर्त कर दिया यारों,
बाप बाप न रहा बेटा बाप हुआ यारों ।'
पंक्तियों के माध्यम से वर्तमान उत्तर प्रदेश की राजनीति पर तीखे व्यंग किये और सराहना प्राप्त की ।
     सीमा मधुरिमा जी ने
' तुमने पूछा मैं कौन हूँ...
तो सुनो मैं हूँ तथाकथित नारी शक्ति...'
जैसी पंक्तियों से इस पुरुष प्रधान समाज को मुंहतोड़ जवाब देते हुए उन्हें सोंचने पर विवश कर दिया ।
          आज कवि योगेश चौहान ने
'वीर गति से पूर्व कहा होगा दुश्मन को भून दिया,
पत्नी को सिंदूर दिया माता को हमने खून दिया ।'
पंक्तियों में ओजपूर्ण काव्य पाठ प्रस्तुत किया ।
         प्रतापगढ़ से आये आशुतोष 'आशु' जी ने
'खेत खलिहान हो या ढाबा व दुकान कोई,
करने में काम तन काला फिर हो गया ।'
सुनाकर कर्म का सन्देश देते हुए खून तालियाँ बटोरीं ।
        कार्यक्रम के संयोजक व संचालक राहुल द्विवेदी 'स्मित' ने '
जिन आँखों में बंजर दुनिया,
उनकी खातिर पत्थर दुनिया ।'
पंक्तियों को प्रवाह देते हुए गीत के माध्यम से मानवीय सम्वेदनाओं का दार्शनिक स्वरूप प्रस्तुत किया ।
अंत में कविता लोक व काव्यशाला के संरक्षक ओम नीरव जी ने सभी रचनाकारों द्वारा प्रस्तुत रचनाओं की छंद व काव्य के तत्वों के आधार पर संक्षिप्त समीक्षा की व छंद व काव्य की बारीकियों से सभी को अवगत कराया ।

कवितालोक

दिनांक:--- 17/01/2017

रविवार, 1 जनवरी 2017

कवितालोक सृजन संस्थान लखनऊ के षष्ठम गीतिका समारोह का आयोजन

संध्या जी को गीतिका रत्न व निवेदिता जी को कवितालोक रत्न
========================================
कवितालोक सृजन संस्थान के छठे गीतिका समारोह का आयोजन ओम कुटीर
पर प्रख्यात नवगीतकार मधुकर अष्ठाना जी की अध्यक्षता में सम्पन्न हुआ। ओम नीरव के संयोजन और राहुल द्विवेदी स्मित जी के संचालन में सम्पन्न इस समारोह में मुख्य अतिथि प्रख्यात गीतकार शिवभजन कमलेश जी और विशिष्ट अतिथि केदार नाथ शुक्ल जी ने मंच को गरिमा प्रदान की। इस अवसर पर हिन्दी भाषा का गौरव बढ़ाने वाली गीतिका-विधा के सृजन-संवर्धन के लिए कवयित्री संध्या सिंह जी को 'गीतिका रत्न' से और हिन्दी कविता के संवर्धन में विशिष्ट योगदान के लिए कवयित्री निवेदिता श्रीवास्तव जी को 'कवितालोक रत्न' से सम्मानित किया गया। शिवभजन  कमलेश जी की सुमधुर वाणी वंदना से प्रारम्भ हुए काव्य पाठ के क्रम में ब्रजेश नीरज जी ने सुमेरु छंद पर आधारित गीतिका के युग्मों पर श्रोताओं की भरपूर तालियाँ प्राप्त कीं -
खुशी है गाँव अपने जा रहा हूँ।
महक मिट्टी की सोंधी पा रहा हूँ।
मचानों पर जो मैंने चढ़ के देखा,
हिमालय को भी छोटा पा रहा हूँ।
संध्या सिंह जी ने मापनी गालगागा गालगागा गालगागा पर आधारित गीतिका  सुनाकर सभी को सम्मोहित कर दिया, उनकी गीतिका के मुखड़ा और युग्म -
छोड़ अपना घर सदा बाहर फिरा है।
मन भला कब देह के भीतर पला है।
तुम जिसे मंज़िल समझ कर जी रहे हो,
वह पड़ाओं का महज एक सिलसिला है।
राहुल द्विवेदी जी ने गीतिका छंद पर आधारित गीतिका में गीतिका विधा की विशिष्टता को व्यक्त कर श्रोताओं को मुग्ध कर लिया -
पुष्प सुरभित सुगंधित विधा गीतिका,
लो चली हो व्यवस्थित विधा गीतिका।
ओम नीरव जी ने नव वर्ष के स्वागत में लावणी छंद पर आधारित गीतिका सुनाते हुए कहा-
फसलें आज गयीं जो बोयी, वे कल को लहराएंगी।
सोलह की गदरायी कलियाँ, सत्रह में खिल जाएंगी।
घोर अभावों के घर पलकर, राजा रंक बना कोई, 
आँसू के घर-आँगन को अब, मुसकाने महकाएंगी।
इसी क्रम में मन मोहन बाराकोटी 'तमाचा लखनवी' जी ने अपनी पंक्तियों से ओज का संचार कर दिया -
निज पर सदा भरोसा रखना, अपने मन में धीर धर,
आगे बढ़ते रहो साथियों, तुम लहरों को चीर कर।
राम शंकर वर्मा जी ने गीत 'आ गए हैं ढोलकों की थाप वाले दिन' सुनाकर वाहवाही लूटी तो केदार नाथ शुक्ल जी ने सरसी छंद में ढली इन पंक्तियो पर भरपूर प्रशंसा प्राप्त की-
काशी की है सुबह सिसकती और अवध की शाम,
तम्बू नीचे खड़े विदाई देते हैं श्रीराम।
केवल प्रसाद सत्यम जी ने ग्राम्य जीवन की त्रासदी को कुछ इसप्रकार शब्दायित किया-
गावों की उस महक को, कैसे रखते साथ,
बिके बैल, वन, बाग सब, मिट्टी हुई अनाथ।
कवयित्री निवेदिता श्रीवास्तव जी ने स्वस्तिवाचन को सुंदरता से शब्दायित किय। प्रदीप कुमार सिंह कुशवाहा जी ने नव वर्ष की रहस्यात्मक अनुभूति को कुछ इसप्रकार शब्द दिये-
विगत आगत मध्य जीवन चक्र चल रहा,
खिले पुष्प से द्वार पर करते हम वंदन।
महेश प्रसाद अष्ठाना जी ने युग के पथिक को इन शब्दों में प्राण ऊर्जा प्रदान की-
कभी थको मत, कभी रुको मत, कभी न बैठो हार कर, 
लड़ना होगा, लड़ना होगा, तूफानों को पार कर।
शिवभजन कमलेश जी ने गीतों की सलिला प्रवाहित करने के साथ नए साल के स्वागत में प्रस्तुत मनहर घनाक्षरी छंद की इन पंक्तियों पर श्रोताओं को वाह-वाह करने को विवश कर दिया-
राम करे अन्न जल का कहीं न हो अभाव,
और कहीं भी अकाल मृत्यु का न फेरा हो।
प्रेम और ज्ञान का हो संचरण कमलेश,
नित्य नए रंग में उमंग का सवेरा हो।
अध्यक्षीय काव्य पाठ करते हुए मधुकर अष्ठाना जी उत्कृष्ट बिम्ब यूजनाओं से युक्त नव गीतों के प्रस्तुतीकरण से सभी को भाव विभोर कर दिया, उनकी इन  पंक्तियों पर श्रोता झूम उठे-
सपने ही देखते रहे हम, और उमर आ गयी किनारे,
टूट गया जब अपनों का भ्रम, रहे भंवर में बिना सहारे।
अंत में समाजसेवी शिक्षक रवि कान्त मिश्र जी ने सभी आगंतुकों का आभार व्यक्त किया।
             -:कवितालोक:-

रविवार, 4 दिसंबर 2016

कवितालोक लखनऊ द्वारा आयोजित कार्यशाला का भव्य आयोजन सम्पन्न

कवितालोक लखनऊ की आठवीं कार्यशाला का आयोजन ओम-कुटीर के सभागार में ओम नीरव के संयोजन में सम्पन्न हुआ। आयोजन के अध्यक्ष डॉ अजय प्रसून जी, मुख्य अतिथि डॉ उमेश चन्द्र श्रीवास्तव जी और विशिष्ट अतिथि आभा मिश्रा जी एवं हरि प्रसाद मिश्र ’असीम’ जी की सारस्वत उपस्थिति में कार्यशाला का सफल संचालन राहुल द्विवेदी ‘स्मित’ जी ने किया। इस अवसर पर कवितालोक-अध्यक्ष ओम नीरव ने हिन्दी साहित्य के सृजन-संवर्धन के लिए महिला उत्थान मंच की संयोजक आभा मिश्रा जी को ‘कवितालोक रत्न’ सम्मान और विपिन मलिहाबादी जी को ‘गीतिका रत्न’ सम्मान से विभूषित किया। काव्यपाठ से पहले गीतिका विधा के आधार छंदों के रूप में विधाता, लावणी, स्रग्विणी, गंगोदक, पदपादाकुलक, चौपाई, गीतिका, मुनिशेखर, हरिगीतिका आदि छंदों पर चर्चा हुई जिसमें गौरी शंकर वैश्य जी, शशि सौरभ जी, डॉ अजय प्रसून जी और राहुल द्विवेदी ‘स्मित’ की भूमिका उल्लेखनीय रही। उस बीच प्रसून जी द्वारा प्रस्तुत अनागत गीतिका की परिकल्पना का विशेष स्वागत हुआ।
आभा मिश्रा जी की सुमधुर वाणी वंदना से प्रारम्भ इस काव्य आयोजन में मानवीय मूल्यों की गिरावट को सौरभ ‘शशि’ जी ने कुछ इस प्रकार व्यक्त किया -
हाड़ मांस से अब कहाँ बनते हैं इंसान,
ममता का संसार में शेष नहीं सम्मान।
मंजुल मंज़र लखनवी जी ने तालियों की गड़गड़ाहट के बीच ये पंक्तियाँ सुनाईं -
जो सोचा नहीं था यहाँ हो रहा है,
खुदाया ये कैसा जहां हो रहा है।
ये किसने जलाए मोहब्बत के रिश्ते,
अजब सा कसैला धुआँ हो रहा है।
मनु वाजपेयी जी ने माँ की ममता को इसप्रकार अभिव्यक्ति देकर श्रोताओं की सराहना प्राप्त की -
बिना वजहों के वह जो माँ का अक्सर मुकराना था,
असल में दर्द को मुझसे छुपाने का बहाना था।
मुकेश कुमार मिश्र की पंक्तियाँ श्रोताओं के हृदय को स्पर्श कर गईं -
भ्रष्ट बढ़ते ही गए सब हो गया लाचार मैं,
भूख का मारा हुआ हूँ क्या लिखूँ शृंगार मैं।
विपिन मलिहाबादी जी कहते सुने गए -
हजारों दिवाने हुए कैसे तेरे,
बताकर हमें अपना कायल बना ले।
राहुल द्विवेदी ‘स्मित’ जी गीतिका विधा में वाणी वंदना सुनाकर श्रोताओं को मुग्ध कर लिया -
श्वेत वसना मेरे कंठ में आ बसो गीत छंदों में तुमको ही गाता रहूँ,
भक्तिमय छंद रचता रहूँ रातदिन, भाव पुष्पों से तुमको रिझाता रहूँ।
मिज़ाज लखनवी जी की इन पंक्तियों ने लोगों के दिलों पर गहरा असर किया -
क्या भरोसा कि सहर देख लूँ मैं भी कल की,
दो घड़ी के लिए ही अपना बना ले मुझको।
लघु मापनी में निबद्ध गीतिका सुनाते हुए गौरी शंकर वैश्य ‘विनम्र’ जी ने इन पंक्तियों पर भरपूर तालियाँ प्राप्त कीं -
उच्च अट्टालिका पड़ी सूनी,
कर्मशिल्पी मकान को तरसे।
डॉ उमेश श्रीवास्तव जी ओज पूर्ण रचना को बहुत वहवाही मिली, उनकी पंक्तियाँ -
धरती पुलकित हो उठे आज जन-जन का दुख हराना होगा,
इस कर्मभूमि में असुरों से फिर धर्म युद्ध करना होगा।
शरद पाण्डेय ‘शशांक’ जी ने धाराप्रवाह छंदों के साथ गीतिका भी सुनाई जिसकी इन पंक्तियों को बहुत पसंद किया गया -
तुम्हारे लिए मैं ग़ज़ल लिख रहा हूँ,
नयन हो रहे हैं सजल लिख रहा हूँ।
घनाक्षरी छंदों की छटा बिखेरते हुए अशोक शुक्ल ‘अनजान’ ने कहा -
बार बार जिसने किया है संकटों से पार,
आज आप उसका किनारा बन जाइए।
कवयित्री माधवी मिश्रा ने अपनी रचना में सम्मोहक प्रतीक विधान प्रस्तुत किया -
बहुत टिमटिमाते दिये रह लिये, मौन हो शौर्य के सब खजाने भरे,
आग से आग की बात होती रही, हम यूँ ही जल रहे रोशनी से परे।
हरि प्रसाद मिश्र ‘असीम’ जी की इन भावभरी पंक्तियों पर श्रोता वाह-वाह कर उठे -
जग जाते जब जज़्बात अच्छा लगता है,
तपन बढ़े और हो जाये बरसात अच्छा लगता है।
कवयित्री शोभा मिश्रा जी ने करुण रस प्रधान गीत सुनाकर श्रोताओं को भावविभोर कर दिया -
आँसू बोलो क्या सोच के तुम इन आँखों में आ जाते हो,
प्रतिफल जो हँसते आढ़त मेरे उनमें पीड़ा भर जाते हो।
अध्यक्षीय काव्य पाठ करते हुए डॉ अजय प्रसून जी ने उत्कृष्ट गीत सुनाकर लोगों का मन मोह लिया और फिर गीतिका विधा पर गीतिका प्रस्तुत करते हुए कहा -
गीतिका कितनी सुंदर लगे,
भावनाओं भरा घर लगे।
संतुलित मापनी में सजी,
जैसे सुरखाब के पर लगे।
काव्यशाला के समापन पर अभ्यागतों का कृतज्ञताज्ञापन करते हुए संयोजक ओम नीरव जी ने घोषणा की कि प्रति माह कवितालोक द्वारा एक काव्यशाला और एक गीतिका-समारोह का आयोजन किया जाएगा जिसका स्थान और समय आयोजन से पूर्व सूचित कर दिया जायेगा।